विकास की जिम्मेदारी मेरी, अपराध पर नियंत्रण सरकार करें… सांसद पप्पू यादव ने की नीतीश कुमार की सराहना

पटना। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव (Pappu Yadav)ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की खुलकर सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बिहार निरंतर प्रगति की ओर बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हो रहे हैं, जो बिहार को एक नए आयाम पर ले जा रहे हैं.

विकास की जिम्मेदारी मेरी : Pappu Yadav

अर्जुन आवास में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सांसद पप्पू यादव  (Pappu Yadav) ने कहा कि जिन्हें पूर्णिया के विकास की चिंता सता रही है, वे इस जिम्मेदारी को उन पर छोड़ दें. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अपराधियों और माफिया के सफाए की जिम्मेदारी सरकार उठाए, जबकि पूर्णिया के विकास का दायित्व वे स्वयं निभाएंगे. पप्पू यादव ने विरोधियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोग सिर्फ दिखावे के लिए चुनावी मौसम में बाहर निकलते हैं और खुद को विकास पुरुष साबित करने की कोशिश करते हैं.

पूर्णिया एयरपोर्ट जल्द होगा चालू

सांसद पप्पू यादव (Pappu Yadav) ने कहा कि पूर्णिया एयरपोर्ट का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में है और जल्द ही यह चालू हो जाएगा. उन्होंने कहा कि उन्होंने जनता से वादा किया था कि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पूर्णिया एयरपोर्ट को चालू करवा देंगे और अब यह सपना साकार होने जा रहा है. उन्होंने जोर देकर कहा कि जब वे सांसद बने तो उन्होंने पूर्णिया को देश का सबसे विकसित जिला बनाने का संकल्प लिया था और वे इस दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं.

स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर साधा निशाना

पप्पू यादव (Pappu Yadav) ने बगैर नाम लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर जमकर निशाना साधा और कहा कि जो लोग पहले कभी जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं थे, वे अब चुनाव नजदीक आते ही सक्रिय हो गए हैं. उन्होंने कहा कि कुछ लोग सिर्फ फोटो खिंचवाने के लिए बाहर निकलते हैं और जनता को भ्रमित करने की कोशिश करते हैं. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब वे पूर्णिया से बाहर थे, तब एयरपोर्ट, हाईटेक बस स्टैंड और अन्य विकास कार्यों को मंजूरी क्यों नहीं मिली.

Pappu Yadav ने की पूर्णिया में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग

सांसद ने कहा कि पूर्णिया में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग लंबे समय से चली आ रही है और इस मुद्दे को लेकर लोकसभा में भी चर्चा की जा चुकी है. उन्होंने बिहार सरकार से अपील की कि वह इस दिशा में जल्द निर्णय ले. उन्होंने जदयू और भाजपा के नेताओं से कहा कि वे मुख्यमंत्री से अनुरोध करें ताकि पूर्णिया में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना शीघ्र हो सके.

पूर्णिया को दुनिया में पहचान दिलाने का सपना

सांसद पप्पू यादव (Pappu Yadav) ने कहा कि उनका सपना है कि पूर्णिया जिला भारत का सबसे विकसित जिला बने और इसकी चर्चा पूरे विश्व में हो. उन्होंने कहा कि वे दिन-रात इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कार्य कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे. उन्होंने कहा कि पूर्णिया को देश का नंबर वन कमिश्नरी बनाने के लिए वे पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं और सदन में पूर्णिया की आवाज लगातार उठाते रहेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *