नीतीश को मारने की साजिश कर रही…पप्पू यादव का बड़ा दावा, कहा-बेटे का राजनीति में आना जरूरी

पटना। बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल मच गई है. पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव (pappu yadav) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि BJP मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राजनीतिक रूप से खत्म करने की साजिश रच रही है. पप्पू यादव ने दावा किया कि JDU के कुछ नेता दिल्ली में BJP के शीर्ष नेताओं के संपर्क में हैं और विधानसभा चुनाव तक ही BJP, JDU के साथ रहेगी. इसके बाद, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हाल महाराष्ट्र के एकनाथ शिंदे और कर्नाटक के रेड्डी परिवार जैसा किया जाएगा.

निशांत कुमार के राजनीति में आने की जरूरत: pappu yadav

सांसद पप्पू यादव ने मुख्यमंत्री के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में प्रवेश की जरूरत पर जोर दिया. उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री के बेटे निशांत कुमार राजनीति में क्यों नहीं आ सकते? वे पढ़े-लिखे व्यक्ति हैं और राजनीति में उनका आना जरूरी है. कई लोग सलाह देते हैं कि उन्हें शादी कर अपने परिवार को संभालना चाहिए, लेकिन एक अच्छे पिता का अच्छा बेटा राजनीति में भी अच्छा कर सकता है.”

BJP पर नीतीश कुमार को खत्म करने की साजिश रचने का आरोप

पप्पू यादव ने BJP पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि नीतीश कुमार को मारने की पूरी साजिश BJP की ओर से रची गई है. BJP के लोग शिखंडी की भूमिका निभा रहे हैं. JDU के कुछ नेता मुंह में राम और बगल में छुरी वाली स्थिति में हैं. BJP, JDU को तोड़ने की कोशिश करेगी, इसलिए JDU को किसी भी कीमत पर BJP पर भरोसा नहीं करना चाहिए. कांग्रेस हमेशा से नीतीश कुमार का सम्मान करती रही है.”

कांग्रेस नेतृत्व की चर्चा पर बोले Pappu Yadav

जब कांग्रेस के नेतृत्व संभालने की चर्चा हुई तो पप्पू यादव(pappu yadav) ने स्पष्ट किया कि वे इस रेस में नहीं हैं. उन्होंने कहा कि हम कभी भी कांग्रेस नेतृत्व की रेस में नहीं रहे हैं. कन्हैया कुमार और मुझे जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, हम उसे पूरी ईमानदारी से निभाएंगे. हम राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के विचारों को आगे बढ़ाने और बिहार को बचाने के लिए काम करेंगे.

बेगूसराय में दिया बयान

शनिवार देर रात बेगूसराय में आयोजित एक कार्यक्रम में पप्पू यादव ने ये बयान दिया. उनके इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में सरगर्मी बढ़ गई है. अब देखना दिलचस्प होगा कि JDU और BJP इस पर क्या प्रतिक्रिया देती हैं और क्या मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस मसले पर कोई आधिकारिक बयान जारी करेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *