Bihar Nagar Palika Elections : बिहार के 19 नगर निगम समेत कुल 264 शहरी निकायों में सशक्त स्थायी समिति के चुनाव की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. नगर विकास एवं आवास विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए 15 से 20 अप्रैल के बीच चुनाव कराने की तिथि तय की है. अधिसूचना के अनुसार नामांकन, मतदान और मतगणना की पूरी प्रक्रिया एक ही दिन में संपन्न की जाएगी. मतगणना के तुरंत बाद निर्वाचित सदस्यों को शपथ भी दिलाई जाएगी. चुनाव की पूरी प्रक्रिया संबंधित जिले के जिलाधिकारी (डीएम) की देखरेख में होगी.
गुप्त मतदान से होगा चुनाव
चुनाव में वार्ड पार्षद गुप्त मतदान के जरिए क्रमांकित मतपेटियों में वोट डालेंगे. प्रत्येक रिक्ति के लिए सहायक निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य कर्मियों की तैनाती जिलाधिकारी द्वारा की जाएगी. डीएम सभी वार्ड पार्षदों को कम से कम एक सप्ताह पहले चुनाव की तिथि, समय और स्थान की सूचना देंगे, ताकि प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके. नगर विकास मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि चुनाव की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी. साथ ही, सभी संबंधित अभिलेख अगले चुनाव तक सुरक्षित रखे जाएंगे.
पारदर्शिता बढ़ाने के लिए बदली व्यवस्था
पहले नगर निगम और नगर पालिकाओं में मेयर या चेयरमैन द्वारा सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का चयन किया जाता था, जिस पर पक्षपात के आरोप लगते थे. इस व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए बिहार सरकार ने पिछले वर्ष नगर पालिका कानून में संशोधन किया था. अब समिति के सदस्यों का चयन वार्ड पार्षदों द्वारा गुप्त मतदान और बहुमत के आधार पर, जिलाधिकारी के पर्यवेक्षण में किया जाएगा.