Bihar crime : मां ने नहीं दिए 100 रुपए तो…बिहार में कलयुगी बेटे का एक और कारनामा

Gopalganj news : गोपालगंज जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है. बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के उसरी बीन टोली गांव में रविवार दोपहर एक युवक ने अपनी ही मां की धारदार हथियार से हत्या कर दी. मृतका की पहचान गणेश रावत की 50 वर्षीय पत्नी सुमित्रा देवी के रूप में हुई है. घटना के बाद आरोपी पुत्र घर छोड़कर फरार हो गया, हालांकि बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.

पैसे के विवाद में हुई हत्या

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुमित्रा देवी के बड़े पुत्र रामभरोसे रावत ने रविवार दोपहर अपनी मां से 100 रुपये की मांग की. मां ने तत्काल पैसे न होने की बात कहकर बाद में देने को कहा. इसी बात पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. बताया जा रहा है कि आरोपी गुस्से में आपा खो बैठा और पहले मां के साथ मारपीट की, फिर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. अत्यधिक रक्तस्राव के कारण सुमित्रा देवी की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया.

पुलिस ने की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची. तब तक आरोपी फरार हो चुका था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया. छापेमारी अभियान चलाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है.

मामले की जांच जारी

थानाध्यक्ष सुभाष कुमार पासवान ने बताया कि परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. राजेश कुमार के नेतृत्व में जांच टीम का गठन किया गया है. एफएसएल टीम की सहायता से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और ग्रामीणों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है.

सोर्स : मीडिया रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *