दरभंगा मेडिकल कॉलेज में ऑनर किलिंग…नर्सिंग छात्र की ससुर ने की गोली मारकर की हत्या, छात्रों में आक्रोश

BSC nursing student murder : बिहार के दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (DMCH) परिसर में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया. यहां 25 वर्षीय बीएससी नर्सिंग के छात्र राहुल कुमार की उनके ससुर प्रेमशंकर झा ने गोली मारकर हत्या कर दी. इस ऑनर किलिंग की घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए छात्रों ने आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की. यह मामला अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और इस पर तीखी बहस छिड़ गई है.

प्रेम विवाह बना हत्या का कारण

मृतक राहुल कुमार सुपौल जिले का निवासी था और DMCH में बीएससी नर्सिंग के द्वितीय वर्ष का छात्र था. उसने अप्रैल 2025 में तन्नू प्रिया नाम की सहपाठी से प्रेम विवाह किया था. तन्नू भी DMCH में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है. यह इंटरकास्ट विवाह था, जिसका तन्नू के पिता प्रेमशंकर झा ने शुरू से विरोध किया था. इसी नाराजगी को लेकर प्रेमशंकर ने मंगलवार शाम DMCH परिसर में राहुल को बेहद करीब से गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

घटना से मचा हड़कंप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली चलने की आवाज से परिसर में भगदड़ मच गई. गोली लगते ही राहुल जमीन पर गिर पड़ा. आक्रोशित छात्रों ने तुरंत प्रेमशंकर झा को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया. पिटाई के कारण घायल प्रेमशंकर को पहले DMCH के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, फिर उसे पटना रेफर किया गया.

छात्रों का प्रदर्शन, पुलिस से झड़प

हत्या की खबर फैलते ही नर्सिंग छात्र-छात्राओं में गुस्सा भड़क उठा. सैकड़ों छात्रों ने इमरजेंसी वार्ड के मुख्य गेट को घेरकर जोरदार प्रदर्शन किया, जिससे अस्पताल की चिकित्सा सेवाएं कुछ समय के लिए बाधित रहीं. हालात को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया. इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी हुई. पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर छात्रों को तितर-बितर किया.

पुलिस और प्रशासन का एक्शन

घटना की गंभीरता को देखते हुए दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी और जिलाधिकारी कौशल कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी. एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने बताया कि यह ऑनर किलिंग का मामला है. मृतक और आरोपी की बेटी दोनों DMCH में पढ़ते थे और दोनों ने प्रेम विवाह किया था, जिससे लड़की के पिता नाराज थे. इसी कारण हत्या को अंजाम दिया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *