पलायन, अपराध और बेरोजगारी पर महागठबंधन का हमला; तेजस्वी यादव बोले – बिहार की सरकार खटारा, केंद्र ने भी किया विश्वासघात

Tejashwi Yadav : बिहार में बढ़ते अपराध, बेरोजगारी और पलायन को लेकर महागठबंधन ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। बुधवार को पटना में हुई महागठबंधन की बैठक के बाद आरजेडी नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।

तेजस्वी यादव ने कहा कि बैठक में गरीबों, युवाओं, महिलाओं और खासतौर पर बिहार के बड़े मुद्दे, पलायन पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने दावा किया कि बिहार से अब तक 2 करोड़ से अधिक लोग पलायन कर चुके हैं, जो कि आधिकारिक आंकड़े हैं। इसके अलावा करीब 4 से 5 करोड़ लोग ऐसे हैं जो बिना पंजीकरण के पलायन कर चुके हैं या करने को मजबूर हैं। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि बिहार के लोगों में जबरदस्त गुस्सा है। यहां 20 साल से खटारा सरकार चल रही है। केंद्र की रिपोर्ट ही कहती है कि गरीबी के मामले में बिहार सबसे ऊपर है। बेरोजगारी, पलायन और अपराध – हर सूची में बिहार नंबर एक है।

कानून नहीं, क्रिमिनल डिसऑर्डर है बिहार में : Tejashwi Yadav

तेजस्वी यादव ने राज्य में कानून-व्यवस्था की हालत को ‘क्रिमिनल डिसऑर्डर’ बताया और कहा कि प्रदेश में शासन नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। गोपालगंज में लड़की का किडनैप करके गैंगरेप किया जाता है। मुख्यमंत्री के गृह जिले नालंदा में युवती के साथ दुष्कर्म होता है और उसके पैरों में कीलें ठोंकी जाती हैं। पुलिस अपराधियों से भाग रही है, अपराधी बेलगाम हो गए हैं। तेजस्वी ने नीतीश कुमार को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा कि अब वो अचेत अवस्था में हैं, और असली जिम्मेदारी अब केंद्र सरकार की बनती है।

दर्जन भर मंत्री, लेकिन कोई उपलब्धि नहीं : Tejashwi Yadav

गृह मंत्री अमित शाह बिहार बार-बार आते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 साल से सत्ता में हैं। इन दोनों को जवाब देना होगा कि बिहार को क्या दिया? तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार के बिहार से जुड़े मंत्रियों को भी आड़े हाथों लिया और सवाल उठाया कि इतने वर्षों में उन्होंने क्या किया।बिहार ने सबसे ज्यादा सांसद दिए। दर्जनभर मंत्री हैं, कोई एक भी मंत्री अपनी एक उपलब्धि बता दे। 20 साल से मोदी-नीतीश की डबल इंजन सरकार है, लेकिन हर मोर्चे पर बिहार सबसे पीछे है, प्रति व्यक्ति आय हो, किसानों की आमदनी हो या निवेश।

बैठक में शामिल हुए महागठबंधन के तमाम बड़े नेता

महागठबंधन की बैठक में आरजेडी से तेजस्वी यादव के अलावा संजय यादव और वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी भी मौजूद रहे। कांग्रेस की ओर से बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने भाग लिया। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) से मुकेश सहनी, देव ज्योति, वाम दलों से सीपीआई के केडी यादव, सीपीआई-एम के अजय कुमार, और सीपीआई-एमएल के राज्य सचिव कुणाल भी बैठक में शामिल हुए।महागठबंधन के नेताओं ने एक सुर में कहा कि वे जनता के असली मुद्दों – बेरोजगारी, पलायन, महंगाई और अपराध – को लेकर राज्यव्यापी अभियान चलाएंगे और आने वाले चुनावों में जनता के बीच जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *