Mithila Lok Utsav Darbhanga : दरभंगा में मिथिला लोक उत्सव-2026 के तहत विभिन्न सांस्कृतिक और खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है. इसी क्रम में 28 फरवरी को दिग्घी तालाब में आकर्षक नौकायन प्रतियोगिता आयोजित होगी. जिला प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, इच्छुक प्रतिभागियों को 25 फरवरी तक जिला मत्स्य कार्यालय में अपना पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा. सीमित सीटों के कारण समय पर रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की गई है.
एकल और युगल प्रतियोगिता की व्यवस्था
नौकायन प्रतियोगिता में एकल वर्ग में अधिकतम 10 प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे, जबकि युगल वर्ग में एक नाव पर दो प्रतिभागी रहेंगे. इस वर्ग में कुल 20 प्रतिभागियों के शामिल होने की व्यवस्था की गई है. आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता को आकर्षक और सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं.
भित्ति चित्र प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र
उत्सव के तहत भित्ति चित्र (दीवार पर मिथिला पेंटिंग) प्रतियोगिता का आयोजन प्रेक्षागृह सह आर्ट गैलरी, लहेरियासराय में किया जा रहा है. इस प्रतियोगिता में 14 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 50 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं. जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंदन कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता का संचालन नोडल पदाधिकारी चंदन कुमार तथा वरिष्ठ कलाकार एवं चिंतक प्रो. बीरेन्द्र नारायण सिंह के निर्देशन में किया जा रहा है.
पारंपरिक विषयों पर उकेरे जा रहे चित्र
प्रतिभागी जीवन चक्र, सीता-राम स्वयंवर और दशावतार जैसे पारंपरिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर भित्ति चित्र बना रहे हैं, जो मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हैं. जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करें और मिथिला की लोक परंपराओं का आनंद लें.