तेज हवा के साथ बारिश और आंधी-तूफान की संभावना..अधिकांश हिस्सों में सुबह और शाम रहेगी हल्की ठंड

Bihar weather update : बिहार में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है. राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है, जबकि दिन में सुनहरी धूप खिल रही है. इसी बीच मौसम विभाग ने ताजा पूर्वानुमान जारी करते हुए आने वाले दिनों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है.

बारिश और आंधी-तूफान की संभावना

पिछले 24 घंटे के दौरान पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई. तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 19 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया. सबसे अधिक तापमान कैमूर जिले में दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार 13 और 14 मार्च को बिहार के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और किसी प्रकार का अलर्ट जारी नहीं किया गया है. इन दो दिनों में बारिश की भी कोई संभावना नहीं जताई गई है. हालांकि, 15, 16 और 17 मार्च को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. इन तारीखों के लिए राज्य के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.

बारिश और तेज हवाओं के कारण मौसम में बदलाव

15 मार्च को पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और नवादा जिलों में तेज हवाओं, आंधी-तूफान और बारिश की संभावना है. 16 मार्च को दक्षिण-मध्य और पूर्वी बिहार के कुछ स्थानों पर तेज बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान है. 17 मार्च को उत्तर बिहार के कुछ जिलों में आंधी-तूफान के साथ बिजली कड़कने की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है. फिलहाल आज राज्य में मौसम सामान्य बना रहेगा, लेकिन अगले कुछ दिनों में बारिश और तेज हवाओं के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *