Nalanda news: बिहार के नालंदा जिले में स्थित शीतला माता मंदिर में मंगलवार को पूजा के दौरान भगदड़ मचने से कम से कम 8 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. यह घटना दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा स्थित मंदिर में हुई, जहां चैत्र महीने के आखिरी मंगलवार के अवसर पर भारी भीड़ जुटी थी.
क्यों हुआ भगदड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंदिर परिसर में अव्यवस्था और भीड़ नियंत्रण की कमी के कारण यह हादसा हुआ. बताया जा रहा है कि श्रद्धालु दर्शन के लिए जल्दबाजी कर रहे थे और लाइन व्यवस्था का पालन नहीं हो रहा था, जिससे अचानक भगदड़ मच गई. घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया. घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि कई एंबुलेंस मौके पर पहुंचकर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक ले जाने में जुटी हैं. प्रशासन को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी हादसे पर दुख जताते हुए मुआवजे का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को आपदा प्रबंधन विभाग से 4 लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये, कुल मिलाकर 6 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी.