पटना में चौकीदारों के प्रदर्शन पर लाठीचार्ज का वीडियो वायरल..कई घायलों को पुलिस ने लिया हिरासत में !

Patna protest : बिहार की राजधानी पटना में बिहार राज्य दफादार-चौकीदार पंचायत के बैनर तले निकाले गए प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया. इस कार्रवाई में कई प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं. घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक बुजुर्ग चौकीदार पर लाठी बरसाते पुलिसकर्मी दिखाई दे रहे हैं.

क्या थी मांगें?

प्रदर्शनकारी चौकीदारों की, मानदेय में बढ़ोतरी,सेवा शर्तों में सुधार और नौकरी के दौरान मृत्यु की स्थिति में आश्रित को रोजगार की गारंटी, प्रमुख मांगें थीं. प्रदर्शन की शुरुआत गांधी मैदान स्थित कारगिल चौक से हुई और मार्च जेपी गोलंबर की ओर बढ़ा. प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने की मांग पर अड़े थे.

कैसे बिगड़ा मामला?

पुलिस के मुताबिक प्रदर्शनकारियों को प्रतिबंधित क्षेत्र की ओर बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई थी. जेपी गोलंबर के पास धक्का-मुक्की शुरू हुई और कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ दिए. इसके बाद भीड़ डाक बंगला चौराहे की ओर बढ़ने लगी, जिसे शहर का संवेदनशील प्रशासनिक क्षेत्र माना जाता है. स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया. प्रशासन का कहना है कि भीड़ को तितर-बितर करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आरा से आए एक चौकीदार प्रभु के सिर में गंभीर चोट लगी है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस कार्रवाई में करीब 15 लोगों को हिरासत में लिए जाने की भी खबर है.

वायरल वीडियो पर उठे सवाल

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक बुजुर्ग चौकीदार जमीन पर गिरते, उठते और हाथ जोड़ते दिखाई देते हैं, जबकि एक पुलिसकर्मी उन पर लगातार लाठी चलाता नजर आता है. वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं. लॉ एंड ऑर्डर एएसपी कृष्ण मुरारी ने कहा कि प्रदर्शन उग्र हो गया था और बैरिकेड तोड़े गए थे. उनके अनुसार भीड़ को नियंत्रित करने के लिए न्यूनतम बल का प्रयोग किया गया. दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *