बिहार में बदला मौसम का मिजाज…कई जिलों में बारिश-आंधी का रेड अलर्ट

Bihar Weather Update : बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और वज्रपात की स्थिति बन रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है. राजधानी पटना, नालंदा और गया में तेज हवाएं चल रही हैं. वहीं जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद और गया समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. शुक्रवार शाम औरंगाबाद में मौसम ने अचानक उग्र रूप धारण कर लिया, जहां तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश हुई.

बिहार में कहां कैसा रहेगा मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र ने औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, नवादा, नालंदा और शेखपुरा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं गया जिले में स्थिति को गंभीर मानते हुए रेड अलर्ट घोषित किया गया है. विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों के दौरान इन क्षेत्रों में मेघ गर्जन, वज्रपात और ओलावृष्टि के साथ 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने, पक्के मकानों में शरण लेने और पेड़ों व बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है. अनावश्यक आवाजाही से भी बचने को कहा गया है.

पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई. सबसे अधिक तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस डेहरी (रोहतास), शेखपुरा और कैमूर (भभुआ) में रिकॉर्ड किया गया. राज्य में अधिकतम तापमान 30.3 से 38.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. न्यूनतम तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया है. मधुबनी के सुखेत में सबसे कम 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अन्य जिलों में यह 18 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा.

मौसम में बदलाव से गर्मी से राहत

मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 48 घंटों में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट संभव है. विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है. मौसम का यह बदलाव जहां एक ओर गर्मी से राहत दे सकता है, वहीं तेज हवाएं, वज्रपात और ओलावृष्टि का खतरा भी बढ़ा रहा है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *