नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र 2025 (budget session 2025) का तीसरा दिन कई अहम चर्चाओं और विधायी कार्यों से भरा रहने वाला है. आज लोकसभा में संयुक्त संसदीय समिति (JPC) वक्फ (संशोधन) विधेयक पर अपनी अंतिम रिपोर्ट पेश करेगी. इसके अलावा, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर अपनी प्रतिक्रिया देंगे. साथ ही, सोमवार को लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा शनिवार को पेश किए गए केंद्रीय बजट 2025 पर विस्तार से चर्चा होने की उम्मीद है.
budget session 2025: अब तक की प्रमुख बातें
संसद का बजट सत्र 31 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ था. पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने संसद में देश की तेज़ आर्थिक प्रगति, केंद्र सरकार की नीतियों और ‘नारी शक्ति’ के महत्व को रेखांकित किया. शुक्रवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 संसद में पेश किया, जिसमें वित्त वर्ष 2025 के लिए भारत की जीडीपी वृद्धि दर 6.4% रहने का अनुमान लगाया गया.
बजट 2025 की मुख्य घोषणाएँ
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी को संसद में केंद्रीय बजट 2025-26 पेश किया, जिसमें कई अहम वित्तीय सुधार और योजनाओं की घोषणा की गई. बजट में सबसे बड़ा बदलाव आयकर स्लैब में किया गया, जिसके तहत 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय पर अब कोई कर नहीं लगेगा. इसके अलावा, MSME सेक्टर, महिलाओं, किसानों, शिक्षा क्षेत्र और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाएँ घोषित की गईं. इसके साथ ही, वित्तीय घाटा (फिस्कल डेफिसिट) को घटाकर 2025-26 में 4.4% तक लाने की योजना की घोषणा की गई, जिससे सरकारी उधारी पर निर्भरता कम होगी.
budget session 2025 : आज के संसद सत्र पर रहेगी नज़र
आज लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में विपक्ष और सरकार के बीच गर्मागर्म बहस देखने को मिल सकती है. विशेष रूप से, राहुल गांधी का राष्ट्रपति के अभिभाषण पर जवाब और वक्फ (संशोधन) विधेयक पर JPC की रिपोर्ट संसद की कार्यवाही का केंद्र बिंदु रहेगा. इसके अलावा, केंद्रीय बजट पर चर्चा के दौरान अर्थव्यवस्था और सरकारी योजनाओं को लेकर गहरी बहस होने की संभावना है.