दूध से लेकर संस्कृति तक…जर्सी और सफेद देसी गाय को लेकर क्यों गहराता जा रहा है विवाद?

Difference between Desi Cow and Jersey Cow : भारत में गाय केवल एक पशु नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ मानी जाती है. लेकिन बीते कुछ वर्षों से जर्सी गाय और भारत की सफेद देसी गाय को लेकर एक नया विवाद (Desi Cow and Jersey Cow controversy ) गहराता जा रहा है. यह विवाद सिर्फ दूध उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके केंद्र में स्वास्थ्य, पर्यावरण, परंपरा और देसी नस्लों का अस्तित्व भी है.

कैसे शुरू हुआ विवाद?

हरित क्रांति के बाद भारत में दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए सरकारों ने विदेशी नस्लों, खासकर जर्सी गाय को बढ़ावा दिया. जर्सी गाय कम समय में ज्यादा दूध देती है, जिससे डेयरी उद्योग को फायदा हुआ. लेकिन इस प्रक्रिया में देसी गायों के साथ क्रॉस-ब्रीडिंग शुरू हुई, जिससे कई पारंपरिक नस्लें धीरे-धीरे विलुप्ति की कगार पर पहुंच गईं.

जर्सी गाय के फायदे और सवाल

जर्सी गाय मूल रूप से इंग्लैंड के जर्सी द्वीप की नस्ल है. यह आकार में छोटी होती है और दूध उत्पादन अधिक करती है. यही वजह है कि छोटे किसानों और डेयरी फार्मों ने इसे तेजी से अपनाया. हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि जर्सी गाय भारतीय जलवायु में पूरी तरह अनुकूल नहीं ,इसे ज्यादा चारा, दवाइयों और देखभाल की जरूरत पड़ती है. बीमारियों की आशंका भी अधिक रहती है

भारत की सफेद गाय क्यों चर्चा में?

भारत की देसी गायें जैसे गिर, साहीवाल, थारपारकर और हरियाणा नस्ल आमतौर पर सफेद या हल्के रंग की होती हैं. इन्हें भारतीय मौसम के हिसाब से विकसित माना जाता है. देसी गाय समर्थकों का दावा है कि देसी गाय के दूध में A2 प्रोटीन पाया जाता है, जो स्वास्थ्य के लिए बेहतर है. कम खर्च में पालन संभव है. गोबर और गोमूत्र का उपयोग खेती और जैविक उत्पादों में किया जाता है. इसी वजह से इन्हें भारत सांस्कृतिक पहचान से जोड़ा जाता है.

दूध की गुणवत्ता को लेकर बहस

विवाद का एक बड़ा कारण दूध की गुणवत्ता भी है. देसी गाय समर्थकों का कहना है कि जर्सी गाय के दूध में पाया जाने वाला A1 प्रोटीन कुछ बीमारियों से जुड़ा हो सकता है, जबकि देसी गाय का दूध ज्यादा सुरक्षित और पौष्टिक है. हालांकि वैज्ञानिकों की इस मुद्दे पर मिश्रित राय है और अभी व्यापक शोध की जरूरत बताई जा रही है.

पढ़ें देश दुनिया दूसरी बड़ी खबरें 

संस्कृति बनाम व्यवसाय

भारत में गाय को धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से पूजनीय माना जाता है. ऐसे में जर्सी गाय को लेकर यह तर्क भी सामने आता है कि विदेशी नस्लों को बढ़ावा देना देसी परंपराओं को कमजोर कर रहा है. ग्रामीण क्षेत्रों में कई सामाजिक संगठनों ने मांग की है कि देसी गायों की शुद्ध नस्ल को संरक्षित किया जाए, अंधाधुंध क्रॉस-ब्रीडिंग पर रोक लगे. इस पर सरकार का रुख संतुलन की बात कर रही है. नेशनल गोकुल मिशन जैसे कार्यक्रमों के जरिए देसी गायों के संरक्षण और संवर्धन पर जोर दिया जा रहा है. साथ ही किसानों को यह समझाने की कोशिश की जा रही है कि सिर्फ अधिक दूध ही नहीं, बल्कि लंबी अवधि की टिकाऊ खेती और पशुपालन जरूरी है.

क्या है समाधान?

विशेषज्ञों के अनुसार समाधान किसी एक नस्ल के विरोध में नहीं, बल्कि संतुलन में है उनके हिसाब से देसी नस्लों का संरक्षण जरूरी है. इसके साथ वैज्ञानिक आधार पर पशुपालन नीति पर भी जोड़ देना चाहिए. किसानों को दोनों नस्लों के फायदे-नुकसान की सही जानकारी होनी चाहिए. जर्सी गाय बनाम भारत की सफेद देसी गाय का विवाद असल में दूध से ज्यादा पहचान, संस्कृति और भविष्य की कृषि नीति से जुड़ा है. आने वाले समय में यह देखना अहम होगा कि भारत दूध उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ अपनी पारंपरिक पशुधन विरासत को कैसे बचाता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *