रेलवे ने बदला नियम…अब ये लोग नहीं कर पाएंगे टिकट बुकिंग ! जानिए क्या है IRCTC का नया रूल

IRCTC New Rules: ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुक करने वालों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय रेलवे की ऑनलाइन टिकटिंग प्लेटफॉर्म IRCTC ने अपने बुकिंग नियमों में अहम बदलाव किया है। 28 नवंबर 2025 से, अब सुबह 8 बजे से 10 बजे तक का समय केवल Aadhaar वेरिफाइड यूजर्स के लिए तय किया गया है। यानी जिन यात्रियों ने अपने IRCTC अकाउंट को आधार से लिंक नहीं किया है, वे इस दो घंटे के स्लॉट में टिकट बुक नहीं कर सकेंगे।

रेलवे के मुताबिक, यह कदम फेक बुकिंग, एजेंटों की धांधली और ऑटोमेटेड बॉट्स द्वारा टिकट बुकिंग पर रोक लगाने के लिए उठाया गया है। यह समय ऐसा होता है जब सबसे ज्यादा ट्रेन टिकटें खुलती हैं और यात्रियों की भारी भीड़ वेबसाइट पर होती है। रेलवे का मानना है कि आधार आधारित ऑथेंटिकेशन से केवल वास्तविक यूजर्स ही टिकट बुक कर पाएंगे, जिससे सामान्य यात्रियों को राहत मिलेगी।

क्या कहता है नया नियम?

28 अक्टूबर 2025 से लागू इस नए नियम के अनुसार सुबह 8 से 10 बजे तक सिर्फ वही यूजर्स टिकट बुक कर सकेंगे जिनके IRCTC अकाउंट Aadhaar verified हैं। जिन यात्रियों का अकाउंट Aadhaar से लिंक नहीं है, वे इस अवधि के बाद यानी 10 बजे के बाद सामान्य रूप से टिकट बुक कर सकेंगे।

रेलवे ने बताया कि इस स्लॉट को “हाई डिमांड बुकिंग टाइम” माना जाता है, जिसमें कन्फर्म टिकट पाने की संभावना सबसे अधिक होती है।

IRCTC अकाउंट को Aadhaar से कैसे लिंक करें?

1. www.irctc.co.in पर जाएं और अपने अकाउंट से लॉगिन करें।

2. “My Profile” सेक्शन में जाकर “Authenticate Aadhaar” पर क्लिक करें।

3. अपना Aadhaar नंबर या Virtual ID दर्ज करें।

4. आपके मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा, जिसे दर्ज करें।

5. “Submit” पर क्लिक करते ही आपका अकाउंट Aadhaar Verified हो जाएगा।

क्यों जरूरी है यह बदलाव?

IRCTC का कहना है कि सुबह 8 से 10 बजे का समय सबसे ज्यादा भीड़ वाला होता है, जब लोकप्रिय ट्रेनों की बुकिंग शुरू होती है। पहले इस दौरान एजेंट और बॉट्स बड़ी संख्या में टिकटें ब्लॉक कर लेते थे, जिससे आम यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पाती थी।

अब Aadhaar से वेरिफिकेशन के बाद हर यूजर की पहचान तय होगी और सिस्टम को यह पता रहेगा कि टिकट एक वास्तविक यात्री के नाम से बुक की जा रही है।

Tatkal टिकट पर भी लागू है नया सिस्टम

इससे पहले रेलवे ने 1 जुलाई 2025 से Tatkal टिकट बुकिंग के लिए भी Aadhaar authentication को अनिवार्य कर दिया था।

साथ ही, 15 जुलाई 2025 से टिकट बुकिंग के दौरान एक OTP ऑथेंटिकेशन सिस्टम भी जोड़ा गया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि टिकट वही व्यक्ति बुक कर रहा है जो अकाउंट का वास्तविक मालिक है।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन बदलावों से ऑनलाइन टिकटिंग सिस्टम और भी पारदर्शी और सुरक्षित बनेगा। यात्रियों से अपील की गई है कि वे समय रहते अपने IRCTC अकाउंट को Aadhaar से लिंक कर लें ताकि कन्फर्म टिकट बुक करने में किसी तरह की परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *