LPG Gas Crisis : मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, खासकर ईरान और इजराइल के बीच टकराव का असर अब भारत के आम उपभोक्ताओं की रसोई तक पहुंच चुका है. वैश्विक ऊर्जा बाजार में अस्थिरता के चलते देश में एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में तेज़ उछाल दर्ज किया गया है. सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में ₹60 और कमर्शियल सिलेंडर में ₹144 की बढ़ोतरी की है. यह वृद्धि ऐसे समय में हुई है जब पहले से ही खाद्य पदार्थों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं. इसका सीधा असर मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ा है.
सप्लाई संकट और बढ़ती परेशानी
बिहार सहित कई राज्यों से गैस सिलेंडर की कमी की खबरें सामने आई हैं. कई जगहों पर उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है. ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और गंभीर बताई जा रही है, जहां सप्लाई चेन की समस्याएं अधिक हैं. विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर भारत जैसे आयात-निर्भर देशों पर पड़ता है. मध्य पूर्व में तनाव बढ़ने से ऊर्जा आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता पैदा हुई है, जिसके कारण कीमतों में तेजी देखी जा रही है.
एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए नया नियम
सरकार ने एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए आधार-आधारित ई-केवाईसी अनिवार्य कर दिया है. अब हर उपभोक्ता को अपनी पहचान की डिजिटल पुष्टि करानी होगी, अन्यथा गैस कनेक्शन से जुड़ी सेवाओं में बाधा आ सकती है. सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य फर्जी कनेक्शनों पर रोक लगाना और सब्सिडी को सही लाभार्थियों तक पहुंचाना है. लंबे समय से यह शिकायत रही है कि कई स्थानों पर एक ही व्यक्ति के नाम पर कई कनेक्शन चल रहे थे और अपात्र लोग भी सब्सिडी का लाभ उठा रहे थे.
कैसे करें ई-केवाईसी
सरकार ने प्रक्रिया को आसान बनाया है. उपभोक्ता अब मोबाइल फोन के जरिए ई-केवाईसी पूरा कर सकते हैं. इसके लिए.
- संबंधित गैस कंपनी का मोबाइल ऐप डाउनलोड करें
- कंज्यूमर नंबर से लॉगिन करें
- ई-केवाईसी या आधार ऑथेंटिकेशन विकल्प चुनें
- फेस स्कैन या बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन पूरा करें
इसके लिए जरूरी दस्तावेजों में आधार कार्ड, एलपीजी कंज्यूमर नंबर, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और बैंक खाते की पूरी जानकारी होनी चाहिए.