पहलगाम आतंकी हमले पर कई देशों ने जताया दुख, जानें किसने क्या कहा ?

Pahalgam Terror Attack  : पहलगाम में मंगलवार दोपहर हुए आतंकवादी हमले में 28 लोगों की मौत हो गई जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हैं. इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा के विंग द रजिस्टेंस फ्रंट यानी TRF ने ली है. घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों से बातचीत के आधार पर सुरक्षा और इंटेलीजेंस एजेंसियों ने हमले में शामिल आतंकियों की पहचान कर ली है और पहलगाम अटैक के संदिग्ध आतंकियों के स्केच जारी किए हैं. आतंकियों की पहचान आसिफ फौजी, सुलेमान शाह और अबु तल्हा के रूप में की गई है. मीडिया रिपोर्ट में इंटेलिजेंस सूत्रों के हवाले से बताया गया कि इस हमले का मास्टर माइंड लश्कर-ए तैयबा का डिप्टी चीफ सैफुल्लाह खालिद है.

जम्मू-कश्मीर के Pahalgam में हुए आतंकवादी हमले की की निंदा

हालांकि हमले को लेकर पाकिस्तान भी सवालिया कटघरे में है, लेकिन पाकिस्तान के डिफेंस मिनिस्टर ख्वाजा आसिफ ने कहा कि इस हमले में हमारा कोई हाथ नहीं है. वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू सहित दुनिया भर के नेताओं ने जम्मू-कश्मीर में हुए इस आतंकवादी हमले की निंदा की है.

भारत को पूर्ण समर्थन देने की बात

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नें आतंकी हमले के बाद पीएम मोदी के साथ बातचीत की और आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे जघन्य हमला बताया है. ट्रंप ने हमले के दोषियों को न्याय के दायरे में लाने के लिए भारत को पूर्ण समर्थन देने की बात कही और भरोसा दिलाया की भारत और अमेरिका आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुट हैं.

वहीं रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी को भेजे अपने संदेश में पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले पर संवेदना व्यक्त की. पुतिन ने अपने संदेश में कहा कि कहा कि इस क्रूर अपराध का कोई औचित्य नहीं है, दोषियों को सजा मिलनी चाहिए. उधर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी हमले की निंदा करते हुए कहा कि वह इस बर्बर आतंकवादी हमले से बहुत दुखी हैं जिसमें दर्जनों निर्दोष लोग मारे गए और घायल हुए हैं उन्होंने कहा कि हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं. इजरायल आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ है.

पीड़त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त

प्रधानमंत्री मोदी के अच्छे दोस्त और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने कहा कि वह पहलगाम में आतंकवादी हमले से बहुत दुखी हैं. इसके साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भी जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है. गुटेरेस ने इस बात पर जोर दिया कि नागरिकों के खिलाफ हमले किसी भी परिस्थिति में अस्वीकार्य हैं. गुटेरेस ने पीड़त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है. संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की. बयान में कहा गया कि यूएई इन आपराधिक कृत्यों की कड़ी निंदा करता है. अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन कर सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करने के उद्देश्य से की गई हिंसा और आतंकवाद के सभी रूपों को स्थायी रूप से अस्वीकार करता है.

नेपाली नागरिक सहित Pahalgam  में 28 लोग मारे गए

वहीं पड़ोसी देश श्रीलंका ने हमले की निंदा की और जानमाल के नुकसान पर शोक व्यक्त किया. विदेश मंत्रालय द्वारा जारी बयान में कहा गया कि श्रीलंका जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए जघन्य आतंकवादी हमले (Pahalgam) की कड़ी निंदा करता है. हम पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं. वहीं नेपाल के प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की निंदा की. इस हमले में एक नेपाली नागरिक सहित 28 लोग मारे गए हैं. ओली ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि नेपाल भारत के साथ मजबूती से खड़ा है और आतंकवाद के सभी कृत्यों की कड़ी निंदा करता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *