PM Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बिहार की राजधानी पटना में अपने दौरे के दौरान कई अहम कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। दौरे की शुरुआत पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के उद्घाटन और बिहटा एयरपोर्ट के शिलान्यास से हुई। इसके बाद पीएम मोदी ने करीब 6 किलोमीटर लंबा रोड शो किया, जो 72 मिनट तक चला। शाम को बीजेपी कार्यालय में संगठन के नेताओं के साथ रणनीतिक बैठक की और फिर डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के बेटे की सगाई समारोह में भी शामिल हुए।
एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन और बिहटा हवाई अड्डे का शिलान्यास
पटना पहुंचते ही पीएम मोदी ने सबसे पहले जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने वर्चुअल माध्यम से बिहटा एयरपोर्ट के विस्तार कार्यों का शिलान्यास भी किया। इस मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान भी मौजूद रहे।
72 मिनट का रोड शो, गाड़ी से बाहर नहीं आए PM Modi
उद्घाटन कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी ने पटना में भव्य रोड शो किया। यह रोड शो 6 किलोमीटर लंबा था और इसे पूरा करने में करीब 72 मिनट लगे। खास बात यह रही कि पीएम मोदी इस दौरान एक बार भी अपनी गाड़ी से बाहर नहीं आए, लेकिन उन्होंने कार की खिड़की से लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। रोड शो में जनसैलाब उमड़ा हुआ था। गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में लोग तिरंगा लेकर सड़क किनारे खड़े नजर आए। करीब 35 डिग्री सेल्सियस तापमान में हजारों लोगों ने उत्साह के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया। सुरक्षा के लिहाज से तीन हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। इसके अलावा स्वागत के लिए 32 स्थानों पर विशेष मंच बनाए गए थे।
बीजेपी कार्यालय में PM Modi संग संगठन की बैठक
रोड शो के बाद पीएम मोदी सीधे बीजेपी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ करीब 70 मिनट की बैठक की। बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और केंद्र सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने को लेकर चर्चा हुई।बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुँचाने के टिप्स दिए। वहीं कटोरिया से विधायक निक्की हेम्ब्रम ने बताया कि पीएम ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर समर्पित भाव से काम करने को कहा। पूर्व मंत्री आलोक रंजन ने बताया, “पीएम ने कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाने और सरकार की योजनाओं को सही तरीके से प्रस्तुत करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अगला चुनाव कैसे लड़ना है, इसके लिए संगठन को अभी से तैयार करना जरूरी है।
सगाई समारोह में पहुंचे PM Modi , राजभवन में रात्रि विश्राम
बीजेपी दफ्तर से निकलकर पीएम मोदी डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के बेटे की सगाई समारोह में शामिल हुए। इसके बाद वे राजभवन पहुंचे, जहाँ वे रात में विश्राम करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद बिहार का पहला दौरा है। शुक्रवार, 30 मई को वे रोहतास जिले के सासाराम में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। इसको लेकर इलाके में खासा उत्साह है। रोहतास की महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर और गीत गाकर प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारी की।