नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर क्यों मची भगदड़ ? जानिए अब तक क्या-क्या हुआ

पटना। शनिवार रात करीब 9:26 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ (Delhi Railway Station Stampede Tragedy )मचने से 18 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 14 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं. मरने वालों में 4 बच्चे भी हैं. वहीं, 25 से अधिक लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से 15 घायलों की सूची प्रशासन द्वारा जारी की गई है. मृतकों को दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल लाया गया था, जहां ज्यादातर शवों के सीने और पेट में चोटें थीं, और उन्हें दम घुटने से मौत आई.

हादसा प्लेटफॉर्म नंबर 13, 14 और 15 के बीच हुआ. इस दुर्घटना के पीछे की वजह बड़ी भीड़ बताई जा रही है. महाकुंभ जाने के लिए शनिवार शाम से ही स्टेशन पर भारी भीड़ जमा होनी शुरू हो गई थी. रात करीब 8:30 बजे प्रयागराज जाने वाली तीन ट्रेनें लेट हो गईं, जिससे भीड़ और बढ़ गई. चश्मदीदों के अनुसार, प्लेटफॉर्म 14 से 16 नंबर बदलने के बाद भगदड़ मच गई.

Delhi Railway Station Stampede Tragedy  : जांच समिति का गठन

हादसे की जांच के लिए रेलवे ने एक दो सदस्यीय कमेटी का गठन किया है. उत्तर रेलवे के अधिकारी नरसिंह देव और पंकज गंगवार को इस कमेटी में शामिल किया गया है. कमेटी ने सभी CCTV वीडियो फुटेज को सुरक्षित करने का आदेश दिया है, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके. वहीं, दिल्ली पुलिस ने भी घटना की जांच शुरू कर दी है, और इस जिम्मेदारी को डीसीपी रैंक के अफसर को सौंपा गया है.

सुरक्षा व्यवस्था की लापरवाही

सूत्रों के मुताबिक, शनिवार शाम 7 बजे से ही स्टेशन पर भीड़ बढ़ने लगी थी, लेकिन स्टेशन प्रशासन की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए. इसके अलावा, प्रयागराज स्पेशल ट्रेन, भुवनेश्वर राजधानी और स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस की भीड़ प्लेटफॉर्म-14 पर जमा हो गई थी. जब अचानक यह घोषणा हुई कि भुवनेश्वर राजधानी ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 16 पर आ रही है, तो प्लेटफॉर्म-14 पर मौजूद लोग भागते हुए प्लेटफॉर्म-16 की ओर दौड़ पड़े, जिससे भगदड़ मच गई. कई लोग टिकट काउंटर पर थे और अचानक ट्रेन आने की सूचना मिलते ही बिना टिकट भागने लगे, जिससे स्थिति और बिगड़ गई.

इससे पहले 29 जनवरी को प्रयागराज के महाकुंभ में भी भगदड़ मची थी, जिसमें 30 लोगों की मौत हो गई थी. 10 फरवरी 2013 को भी कुंभ के दौरान प्रयागराज स्टेशन पर भगदड़ मची थी, जिसमें 36 लोग मारे गए थे.

Delhi Railway Station Stampede Tragedy  : सुरक्षा इंतजामों में सुधार की जरूरत

यह घटना एक बार फिर रेलवे और स्टेशन प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है. लोगों की जान जोखिम में डालने वाली इस दुर्घटना के बाद, अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *