Bathing Habits : ठंड में गर्म पानी से नहाना भले ही बड़ी राहत देता हो, लेकिन डॉक्टरों की मानें तो यह आदत धीरे-धीरे शरीर के लिए नुकसानदेह बन सकती है. सर्दियों में लोग अक्सर बहुत गर्म पानी से नहाने लगते हैं, जिससे शरीर को तात्कालिक आराम तो मिलता है, लेकिन लंबे समय में इसका असर त्वचा, बाल, हार्ट और इम्यून सिस्टम तक पर पड़ता है. विशेषज्ञों के मुताबिक, जब शरीर अत्यधिक गर्म पानी के संपर्क में आता है तो बॉडी टेम्प्रेचर अचानक बढ़ जाता है. इससे ब्लड वेसल्स फैल जाती हैं, जिससे हार्ट रेट तेज हो सकती है और ब्लड प्रेशर असंतुलित होने लगता है. यही वजह है कि कुछ लोगों को नहाने के दौरान चक्कर आना, घबराहट और कमजोरी भी महसूस होती है.
त्वचा से छिन जाती है नेचुरल ऑयल लेयर
डर्मेटोलॉजिस्ट्स के अनुसार, गर्म पानी से नहाने का सबसे बड़ा नुकसान स्किन की नेचुरल ऑयल लेयर खत्म होना है. यह तेल ही त्वचा को नमी, कोमलता और सुरक्षा देता है. जब यह परत हट जाती है तो त्वचा अत्यधिक ड्राई और खुरदरी हो जाती है.खुजली, जलन और रेडनेस बढ़ जाती है.एलर्जी और एग्जिमा जैसी समस्याएं उभर सकती हैं.समय से पहले स्किन एजिंग (झुर्रियां) शुरू हो सकती है. बाल झड़ने से लेकर कमजोर इम्यूनिटी तक खतरा हो सकता है.
हार्ट मरीजों और बुजुर्गों के लिए ज्यादा खतरा
वहीं लगातार गर्म पानी से सिर धोने की आदत से बालों की जड़ें कमजोर होने लगती हैं, डैंड्रफ और हेयर फॉल बढ़ता है और स्कैल्प की नमी खत्म हो जाती है. इतना ही नहीं, विशेषज्ञ मानते हैं कि शरीर का नैचुरल तापमान जब बार-बार असंतुलित होता है तो इम्यून सिस्टम कमजोर पड़ सकता है. इसके चलते व्यक्ति को बार-बार सर्दी-खांसी, थकान और कमजोरी और नींद की कमी जैसी शिकायतें होने लगती हैं. डॉक्टरों की चेतावनी है कि हाई ब्लड प्रेशर, हार्ट पेशेंट और बुजुर्गों को गर्म पानी से नहाने में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए, क्योंकि इससे अचानक बीपी लो या हाई हो सकता है, हार्ट रेट असामान्य हो सकती है , बेहोशी तक की स्थिति बन सकती है
सर्दियों में कैसे नहाना चाहिए
विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार सर्दियों में नहाने के लिए पानी बहुत गर्म नहीं, बल्कि हल्का गुनगुना रखें, लंबे समय तक शॉवर लेने से बचें, सॉफ्ट साबुन का इस्तेमाल करें, नहाने के तुरंत बाद मॉइस्चराइजर जरूर लगाएं, शरीर को एयर ड्राई नहीं, तौलिए से हल्के हाथ से पोंछें और नहाने के बाद तुरंत ठंडी हवा में न जाएं और गर्म कपड़े पहनें कुल मिलाकर देखें तो ठंड में गर्म पानी से नहाने की आदत आपको कुछ मिनटों का सुकून जरूर देती है, लेकिन यह शरीर के नेचुरल बैलेंस को बिगाड़ने का काम करती है. त्वचा, बाल, हार्ट और इम्यून सिस्टम इन चारों पर इसका नकारात्मक असर पड़ सकता है. इसलिए अगर सर्दियों में सेहत को सुरक्षित रखना है तो बहुत गर्म पानी नहीं, सिर्फ गुनगुना पानी ही सही विकल्प है.