Bihar News : नर्सरी के बच्चे ने तीसरी क्लास के छात्र को मारी गोली, जानिए पूरा मामला

पटना। बिहार के सुपौल में बुधवार सुबह तीसरी कक्षा के एक छात्र को दूसरे लड़के ने गोली मार दी। घटना त्रिवेणीगंज के लालपट्टी स्थित एक निजी बोर्डिंग स्कूल की है। गोली लगने वाले छात्र का नाम मोहम्मद आसिफ है और उसकी उम्र करीब 10 से 12 साल है। गोली उसके बाएं हाथ में लगी और आर-पार हो गई। गोली मारने के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मोहम्मद आसिफ को इलाज के लिए त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को सूचना दी गई और वह मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर बंदूक गोली चलाने वाले बच्चे के हाथ में कैसे पहुंची। पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि गोली चलाने वाला लड़का भी इसी स्कूल का छात्र है और उसकी उम्र करीब 6 से 7 साल है। स्थानीय लोगों ने बताया है कि गोली चलाने वाले बच्चे का पिता पहले स्कूल में गार्ड का काम करता था। गोली चलाने वाला बच्चा नर्सरी का छात्र है।

आरोपी छात्र को लेकर पिता फरार

आरोपी बच्चे के बारे में बताया जा रहा है कि घटना के बाद उसका पिता स्कूल परिसर से भाग गया। घायल छात्र के परिजनों ने बताया कि स्कूल के प्रिंसिपल ने उन्हें बताया कि मोहम्मद आसिफ को गोली लगी है और उन्हें अस्पताल आने को कहा। जब आरोपी बच्चे के पिता को इसकी सूचना मिली तो वह स्कूल पहुंचा और आनन-फानन में प्रिंसिपल की डेस्क से बंदूक उठाकर अपने बेटे के साथ स्कूल की दीवार फांदकर भाग गया। वह अपनी बाइक स्कूल में ही छोड़ गया। घायल छात्र के परिजनों ने स्कूल प्रशासन और पुलिस से जांच की मांग की है।

(क्रेडिट : मीडिया इनपुट )

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *