पटना। राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने मुस्लिम समुदाय के लिए एक बड़ा ऐलान किया है। किशोर ने अपनी पार्टी जन सुराज द्वारा कम से कम 40 मुस्लिम उम्मीदवारों को विधानसभा चुनाव में टिकट देने का आश्वासन दिया है। इसके साथ ही, संगठन में भी मुस्लिम समाज की पूर्ण हिस्सेदारी की बात की गई है। उन्होंने कहा कि संगठन के नेतृत्व वाले 25 लोगों में चार से पांच मुस्लिम होंगे।
प्रशांत किशोर आरजेडी की ‘बी’ टीम है : BJP
प्रशांत किशोर के इस ऐलान के बाद बिहार बीजेपी ने उन पर निशाना साधा है। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि किशोर की टीम आरजेडी की ‘बी’ टीम के रूप में काम कर रही है। बीजेपी ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर लिखा, तरीका वही है, बस चेहरा बदला है! तुष्टिकरण की राजनीति से हिन्दुओं के प्रतिनिधित्व को घटाने के लिए आरजेडी की टीम ‘B’ की रणनीति से बिहार सचेत रहे। बिहार की प्रमुख राजनीतिक पार्टियों ने प्रशांत किशोर की पार्टी पर आरजेडी की ‘बी’ टीम होने का आरोप लगाया है। पहले असदुद्दीन ओवैसी पर इसी तरह के आरोप लगाए जाते रहे हैं। प्रशांत किशोर की पार्टी के गठन के साथ ही इस छवि को लेकर सवाल उठने लगे हैं। किशोर को अब अपनी छवि को इस आरोप से बचाने के लिए संघर्ष करना होगा।
बिहार को अबतक सिर्फ धोखा मिला है : PK
प्रशांत किशोर के महिला और मुस्लिम समाज को लेकर किए गए घोषणाओं से आरजेडी और जेडीयू की स्थिति की नींद उड़ी हुई है। किशोर का कहना है कि वह बिहार की जनता को एक नया विकल्प देने का इरादा रखते हैं। वे ई INDIA गठबंधन और NDA की नीतियों पर भी आलोचना कर रहे हैं, और उनका दावा है कि बिहार की जनता को अब तक केवल धोखा ही मिला है। आगे आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि प्रशांत किशोर अपनी पार्टी को लेकर उठ रहे सवालों का कैसे सामना करते हैं और बिहार की राजनीतिक परिदृश्य में अपनी स्थिति को कैसे मजबूत करते हैं।