Broccoli soup benefits : तेजी से बढ़ती सेहत के प्रति जागरूकता के बीच ब्रोकली सूप अब लोगों की पसंदीदा डाइट का हिस्सा बनता जा रहा है। स्वाद और सेहत का बेहतरीन संयोजन माने जाने वाला यह सूप वजन घटाने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए एक आसान और असरदार विकल्प बनकर उभरा है। पोषण विशेषज्ञों के अनुसार, ब्रोकली सूप कम कैलोरी के साथ शरीर को जरूरी फाइबर और विटामिन भी देता है। चूंकि ब्रोकली में पानी की मात्रा अधिक होती है, इसलिए इसका सूप शरीर को हाइड्रेट रखने में भी मदद करता है। यह पेट के लिए हल्का होता है और उन लोगों के लिए खासतौर पर फायदेमंद है, जो अपनी खाने की आदतों को बेहतर और साफ-सुथरा बनाना चाहते हैं।
मेटाबॉलिज्म और पाचन को मजबूत करता है ब्रोकली सूप
विशेषज्ञों के मुताबिक, ब्रोकली में भरपूर मात्रा में डाइटरी फाइबर पाया जाता है, जो पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराता है। इससे बार-बार भूख लगने की समस्या कम होती है और अनावश्यक स्नैकिंग से बचाव होता है। ब्रोकली सूप की प्राकृतिक क्रीमी बनावट के कारण इसमें भारी क्रीम डालने की जरूरत नहीं पड़ती, जिससे यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ कम कैलोरी में भी संतोषजनक रहता है। ब्रोकली में मौजूद विटामिन C और एंटीऑक्सिडेंट पाचन तंत्र को बेहतर बनाने के साथ मेटाबॉलिज्म को भी तेज करने में मदद करते हैं। इसमें पाया जाने वाला सल्फोराफेन तत्व भी मेटाबॉलिक हेल्थ के लिए फायदेमंद माना जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि वजन घटाने की असली कुंजी भारी और ज्यादा कैलोरी वाले भोजन की जगह हल्के और पोषक तत्वों से भरपूर विकल्पों को अपनाना है, जिसमें ब्रोकली सूप एक बेहतरीन विकल्प है।
ब्रोकली सूप बनाने की आसान रेसिपी
सामग्री:
- 2 कप ब्रोकली के फूल
- 1 छोटा कटे हुए प्याज
- 2–3 लहसुन की कलियां
- 1 कप वेजिटेबल या चिकन स्टॉक
- स्वादानुसार नमक और काली मिर्च
बनाने की विधि:
सबसे पहले एक बर्तन में थोड़ा सा मक्खन या तेल गर्म करें। इसमें प्याज और लहसुन डालकर नरम होने तक भून लें। इसके बाद ब्रोकली डालकर हल्का सा भूनें। फिर स्टॉक डालकर ढक दें और ब्रोकली के नरम होने तक पकाएं। जब ब्रोकली गल जाए, तो इस मिश्रण को ब्लेंड कर लें। जरूरत के अनुसार पानी डालकर गाढ़ापन सेट करें। अंत में नमक और काली मिर्च मिलाएं और गर्मागर्म सूप परोसें। स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें थाइम, बेसिल या पार्सले जैसी जड़ी-बूटियां भी मिलाई जा सकती हैं।
कब पीना चाहिए ब्रोकली सूप
डाइट एक्सपर्ट्स का कहना है कि ब्रोकली सूप को रात के खाने में या शाम के समय हल्के लेकिन भरपेट भोजन के तौर पर लेना सबसे बेहतर होता है। इसे दोपहर के खाने से पहले लेने पर भी ओवरईटिंग से बचा जा सकता है। हालांकि, इसे बहुत देर रात पीने से परहेज करना चाहिए। विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि ब्रोकली सूप कोई जादुई उपाय नहीं है, लेकिन यह वजन घटाने की प्रक्रिया में हाई-कैलोरी वाले भोजन से दूरी बनाए रखने में जरूर मदद करता है। यह ऐसा विकल्प है जो बिना किसी कमी के अहसास के, सेहतमंद जीवनशैली अपनाने में सहयोग करता है।