सर्दियों में महिलाओं को हमेशा क्यों फील होता है थकान और कमजोरी…जानें सही डाइट से कैसे रहें तरोताजा

winter diet for women : सर्दियों का मौसम भले ही सुहावना लगता हो, लेकिन इस दौरान महिलाओं में थकान, कमजोरी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड के मौसम में महिलाओं के शरीर में मेटाबॉलिज्म, भूख और ऊर्जा स्तर में बदलाव होता है, जिससे उनका खानपान और भी अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है। चिकित्सकों के मुताबिक, सर्दियों में निर्जलीकरण, शारीरिक गतिविधि में कमी, मीठे और तले-भुने खाद्य पदार्थों की अधिक लालसा, कमजोर इम्यून सिस्टम जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। इसके अलावा कई महिलाओं को इस दौरान एनीमिया, जोड़ों में दर्द, त्वचा का रूखापन, हार्मोनल असंतुलन, खांसी-जुकाम और फ्लू जैसी परेशानियों का भी सामना करना पड़ता है।

गलत खान-पान बन सकता है बीमारी की वजह

विशेषज्ञ बताते हैं कि सर्दियों में कई महिलाएं पानी पीना कम कर देती हैं, ताजे फल-सब्जियों से दूरी बना लेती हैं और झटपट मिलने वाले फास्ट फूड पर ज्यादा निर्भर हो जाती हैं। इसका सीधा असर शरीर की ऊर्जा, पाचन तंत्र और विटामिन लेवल पर पड़ता है, जिससे थकावट और कमजोरी बढ़ जाती है। पोषण विशेषज्ञों का कहना है कि सर्दियों में महिलाओं को अपने खान-पान में गर्म और पोषक तत्वों से भरपूर भोजन को शामिल करना चाहिए। पालक, गाजर, चुकंदर, मेथी जैसी मौसमी सब्जियां, बाजरा और ज्वार जैसे साबुत अनाज, अंडे, दालें, पनीर और मेवे प्रोटीन के अच्छे स्रोत हैं।

इसके साथ ही टमाटर, स्वीट कॉर्न और ब्रोकली से बने सूप, हर्बल चाय पाचन को बेहतर बनाते हैं। संतरा, आंवला और शिमला मिर्च जैसे विटामिन C युक्त खाद्य पदार्थ इम्यून सिस्टम को मजबूत करते हैं। वहीं घी, अलसी और बादाम से मिलने वाला स्वस्थ फैट शरीर को जरूरी ऊर्जा प्रदान करता है। विशेषज्ञ जंक फूड, तैलीय, डिब्बाबंद और प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों से दूरी बनाने की सलाह देते हैं।

गर्भवती महिलाओं के लिए सर्दियों में विशेष सावधानी

डॉक्टरों के अनुसार, सर्दियों में गर्भवती महिलाओं को आयरन, प्रोटीन और कैल्शियम से भरपूर आहार लेना बेहद जरूरी होता है। दाल-खिचड़ी, पत्तेदार सब्जियां, ताजे फल, दूध और घर का गरम खाना ऊर्जा देने के साथ-साथ बच्चे के विकास में सहायक होता है। राजमा, छोले, खजूर और पालक जैसे आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के साथ अखरोट और अलसी जैसे ओमेगा-3 स्रोत शिशु के मस्तिष्क विकास में मदद करते हैं। डॉक्टर गर्भवती महिलाओं को 12 से 15 गिलास पानी पीने की सलाह देते हैं और अधिक मीठे व प्रोसेस्ड स्नैक्स से बचने को कहते हैं।

50 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए खास डाइट

विशेषज्ञों के मुताबिक, 50 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को अपनी हड्डियों, जोड़ों और पाचन तंत्र का विशेष ध्यान रखना चाहिए। दूध, दही, तिल, रागी और पालक जैसे कैल्शियम व विटामिन डी युक्त खाद्य पदार्थ जरूरी हैं। इसके साथ ही साबुत अनाज, फल और सब्जियों से मिलने वाला फाइबर पाचन को बेहतर बनाता है। गर्म सूप, प्रोटीन युक्त भोजन, भीगे मेवे और पर्याप्त पानी जोड़ों की अकड़न कम करने और मेटाबॉलिज्म को बेहतर रखने में मददगार होते हैं। जैतून के तेल से मिलने वाला हृदय-स्वस्थ फैट भी लाभकारी माना गया है।

विशेषज्ञों की क्या है सलाह

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि महिलाओं को सर्दियों में अपनी डाइट को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। संतुलित आहार, पर्याप्त पानी, नियमित हल्की-फुल्की एक्सरसाइज और सही दिनचर्या अपनाकर सर्दियों में भी खुद को फिट, ऊर्जावान और बीमारियों से दूर रखा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *