IND vs SA T20: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज के लिए BCCI ने भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है. इस टीम की सबसे बड़ी खबर हार्दिक पांड्या और शुभमन गिल की टीम में वापसी है, जबकि जसप्रीत बुमराह को वनडे सीरीज से आराम देकर टी-20 टीम में शामिल किया गया है. यह टी-20 सीरीज 9 दिसंबर से शुरू होगी. बीसीसीआई ने इसकी आधिकारिक जानकारी अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए साझा की. इससे पहले बुधवार को रायपुर में बोर्ड ने आगामी टी-20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया की नई जर्सी भी लॉन्च की.
73 दिन बाद लौटे हार्दिक पांड्या
टी-20 टीम की कमान एक बार फिर सूर्यकुमार यादव को सौंपी गई है. वहीं, उपकप्तान की जिम्मेदारी शुभमन गिल को दी गई है. हालांकि गिल को मैदान पर उतरने के लिए फिटनेस क्लियरेंस का इंतजार करना होगा. उन्हें कोलकाता टेस्ट के दौरान चोट लगी थी और वे करीब दो हफ्ते बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं. ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या लगभग 73 दिन बाद भारतीय टीम में वापसी कर रहे हैं. वह एशिया कप के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ मैच में चोटिल हो गए थे, जिसके बाद वह टीम से बाहर चल रहे थे. उनकी वापसी से भारत के मध्यक्रम और ऑलराउंड विकल्पों को बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद है.
टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम
टी-20 सीरीज के लिए टीम इस प्रकार है.
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा और वाशिंगटन सुंदर.
रायपुर में लॉन्च हुई टी-20 वर्ल्ड कप जर्सी
बीसीसीआई ने 7 फरवरी से शुरू होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया की नई जर्सी भी लॉन्च कर दी है. यह कार्यक्रम रायपुर में आयोजित हुआ, जहां बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया की मौजूदगी में जर्सी का अनावरण किया गया. इस खास मौके पर टी-20 टीम के खिलाड़ी तिलक वर्मा और टूर्नामेंट के ब्रांड एम्बेसडर रोहित शर्मा भी मंच पर मौजूद रहे. जर्सी के लॉन्च के साथ ही वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया के अभियान की आधिकारिक शुरुआत मानी जा रही है.