Cyclone Ditwah : दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी श्रीलंका के ऊपर सक्रिय चक्रवाती तूफान दित्वा ने भारत और श्रीलंका दोनों देशों में भारी तबाही की आशंका बढ़ा दी है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तटीय तमिलनाडु तथा आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.
तूफान की मौजूदा स्थिति
मौसम विभाग के मुताबिक, दित्वा पिछले छह घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है. सुबह 8:30 बजे यह श्रीलंका से लगभग 80 किलोमीटर पूर्व और चेन्नई से करीब 380 किलोमीटर दक्षिण में केंद्रित पाया गया. अनुमान है कि यह तूफान 30 नवंबर की सुबह तक उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों के पास पहुंच जाएगा.
कहां-कहां भारी बारिश का अलर्ट
IMD के अनुसार
- 30 नवंबर: तटीय तमिलनाडु में अलग-अलग जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश.
- 30 नवंबर: तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में बहुत भारी बारिश.
- 2 दिसंबर: तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा में लगातार भारी से बहुत भारी बरसात की संभावना.
- 1 दिसंबर: तेलंगाना में भी भारी बारिश के आसार.
- 29 नवंबर–3 दिसंबर: तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में गरज-चमक के साथ तेज़ बारिश और बिजली गिरने की आशंका.
- मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी है और तटीय इलाकों में प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है.
श्रीलंका में तबाही से 123 की मौत
भारत पहुंचने से पहले दित्वा तूफान ने श्रीलंका में भीषण कहर बरपाया है. वहां भारी बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में अब तक 123 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 130 लोग लापता बताए जा रहे हैं. डिज़ास्टर मैनेजमेंट सेंटर के अनुसार, करीब 44,000 लोग बेघर हो चुके हैं और अस्थायी राहत शिविरों में शरण ले रहे हैं. अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मौतों का आंकड़ा और बढ़ सकता है. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में कई ऐसे इलाके दिखाए गए हैं जहां रातभर हुए भूस्खलन के बाद अब तक राहत टीमें नहीं पहुंच पाई हैं. पिछले एक सप्ताह से श्रीलंका लगातार खराब मौसम की चपेट में है.
उत्तर भारत में ठंड का असर
दूसरी ओर, उत्तर भारत में ठंड भी तेज़ हो रही है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है. उत्तराखंड और पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तापमान 6 से 10 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है. इसके अलावा उत्तरी राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में भी ठंड बढ़ती दिख रही है. मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन एजेंसियों ने तटीय राज्यों के लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, निचले इलाकों में रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट हों और प्रशासन के दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करें.