न्यू ईयर 2026 के पहले ही दिन बना दुर्लभ संयोग… अंक ज्योतिष में सूर्य वर्ष और एंजेल नंबर 111 का क्या है संकेत

Angel Numbers : नए साल 2026 की शुरुआत एक बेहद खास और शुभ संयोग के साथ हुई है. 1 जनवरी 2026 की तारीख को अंक ज्योतिष में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है. ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार वर्ष 2026 का कुल योग 10 बनता है, जिसका मूलांक 1 होता है. मूलांक 1 को सूर्य का अंक माना जाता है, इसी कारण 2026 को ‘सूर्य का वर्ष’ कहा जा रहा है.

ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, जब नए साल की पहली तारीख (1), पहला महीना (1) और वर्ष 2026 के मूलांक (1) को एक साथ जोड़ा जाए, तो यह 111 का अंक बनाता है. न्यूमैरोलॉजी में इसे एंजेल नंबर कहा जाता है. विशेषज्ञ मानते हैं कि नववर्ष के पहले ही दिन 111 का बनना कोई साधारण संयोग नहीं, बल्कि बड़े सकारात्मक बदलावों का संकेत है.

क्या संकेत देता है एंजेल नंबर 111?

अंक ज्योतिष के अनुसार 111 को अत्यंत शक्तिशाली अंक माना जाता है. यह संख्या नए अध्याय की शुरुआत, सकारात्मक ऊर्जा, आत्मविश्वास और उन्नति का प्रतीक है. ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि वर्ष 2026 में यह संयोग जीवन में सुनहरे अवसर, आर्थिक मजबूती और आध्यात्मिक जागृति की ओर इशारा कर रहा है.

आर्थिक मोर्चे पर शुभ संकेत

एंजेल नंबर 111 को आर्थिक दृष्टि से भी शुभ माना जा रहा है. ज्योतिष विशेषज्ञों के अनुसार यह देश की अर्थव्यवस्था के मजबूत होने का संकेत हो सकता है. लोगों की आय में वृद्धि के योग बन सकते हैं और अनायास धन लाभ की संभावनाएं भी रहेंगी. विशेषज्ञों ने 2026 में शेयर बाजार में तेजी की संभावना जताई है. उनका कहना है कि 111 भारतीय शेयर बाजार के लिए ‘थ्री व्हाइट सोल्जर्स’ की तरह काम कर सकता है, जो कैंडलस्टिक पैटर्न में तेजी का संकेत देता है.

स्वास्थ्य में मिलेगी राहत

कोरोना काल के बाद से चली आ रही कई स्वास्थ्य समस्याओं से इस वर्ष राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. खासतौर पर आंखों, हड्डियों, हृदय और पाचन तंत्र से जुड़ी परेशानियों में सुधार के संकेत हैं. रोगों पर खर्च कम हो सकता है. बच्चों और बुजुर्गों की सेहत में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकता है.

करियर, रिश्ते और आत्मविश्वास में उछाल

ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक 2026 में लोगों के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा. आत्मविश्वास बढ़ेगा, जिससे करियर में नए अवसर मिल सकते हैं. लंबे समय से मेहनत कर रहे लोगों को ऊंचा मुकाम हासिल हो सकता है. यह वर्ष व्यक्तित्व को मजबूत बनाएगा और पिता के साथ संबंधों में सुधार लाएगा. समाज में मान-सम्मान बढ़ने के भी संकेत हैं.

प्रेम और वैवाहिक जीवन में खुशहाली

एंजेल नंबर 111 प्रेम संबंधों के लिए भी शुभ माना जा रहा है. सिंगल लोगों के जीवन में प्रेम की दस्तक हो सकती है और किसी खास व्यक्ति की एंट्री संभव है. वहीं, शादीशुदा लोगों के लिए 2026 बेहतर तालमेल और भावनात्मक मजबूती का वर्ष साबित हो सकता है. पेशेवर और निजी जीवन में संतुलन बनेगा और जीवनसाथी के प्रति प्रेम व स्नेह बढ़ेगा. कुल मिलाकर, अंक ज्योतिष के अनुसार साल 2026 कई मायनों में बदलाव, उन्नति और सकारात्मकता लेकर आया है. नए साल का यह दुर्लभ संयोग लोगों के जीवन में नई उम्मीद और ऊर्जा का संचार करता नजर आ रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *