मां दुर्गा से लेकर भगवान शिव तक, पांच मंदिरों के बीच बसा सिवान का जलमय स्वर्ग!

सिवान: वैसे तो शहरों में घूमने के लिए तमाम जगहें होती हैं. शॉपिंग मॉल से लेकर तमाम तरह के रेस्टोरेंट और पार्क आदि होते हैं. हालांकि, काफी लोग ऐसे भी होते हैं जो मॉल और बाजार की भीड़-भाड़ से हटकर प्रकृति से जुड़ी जगहों पर घूमना पसंद करते हैं. ऐसे लोगों को वहां शांति और सुकून मिलता है जहां पेड़ पौधे और हरियाली होती है. आज हम सिवान शहर की एक ऐसी ही जगह के बारे में बताने जा रहे हैं जहां आपको आधुनिक सुविधाओं से लैस शांत माहौल वाला पार्क मिलता है. पार्क में घूमने-टहलने घूमने के साथ ही चांदनी रात में शांत पानी का नजारा भी देख सकते हैं. तो चलिए आगे आपको बताते हैं कि यह जगह कहां है और वहां और क्या घूम सकते हैं.

हम बात कर रहे हैं सिवान के डीएवी कॉलेज और राजेन्द्र स्टेडियम के पास बने पचमंदिरा पोखरा परिसर की. धार्मिक और एतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण नगर परिषद क्षेत्र का वार्ड 26 स्थित पंचमंदिरा पोखरा अब नए रंग-रूप में दिखने लगा है. मां दुर्गा और भगवान शिव समेत प्रमुख देवी-देवताओं के पंच मंदिरों से घिरा पंचमंदिरा पोखरा अब नए रूप में पूरी तरह से तैयार है. सुबह से शाम तक लोग पंचमंदिरा पोखरा और परिसर में खुली हवा लेते हैं. यहां बच्चे और बड़ों से लेकर बुजुर्ग और महिलाएं तक मनोरंजन करते हैं.

दरअसल, जिला प्रशासन की देखरेख में जल जीवन अभियान के तहत पंचमंदिरा पोखरा का वृहद पैमाने पर सौंदर्यीकरण कार्य कराते हुए जल जीवन हरियाली पार्क का निर्माण कराया गया है. जल जीवन हरियाली पार्क में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है. 62.51 लाख की लागत से घाट और पार्क का निर्माण कराया गया है. पोखरा के चारों तरफ चारदीवारी घाट का निर्माण, महिलाओं, आमजन और वृद्धजनों के बैठने के लिए सिमेंटेड कुर्सी, बच्चों के खेलने के लिए पार्क और महिला-पुरुष के लिए ओपन जिम सहित कई सुविधाएं यहां हैं. इसके अलावा पार्क को पूरी तरह से व्यवस्थित करते हुए पंचमंदिरा पोखरा के चारों तरफ ग्रिल लगवाया गया है.

पोखरा के चारों तरफ आकर्षक ढंग से पौधरोपण किया गया है. पार्क और पोखरा का भ्रमण करने पहुंचे लोग सैर-सपाटा के दौरान चकाचौंध रौशनी का लुत्फ उठा पायेंगे. पोखरा के चारों तरफ पाथ-वे भी बनाया गया है. मनोरंजन करने पहुंचे लोग सुधा मिल्क पार्लर से खान-पान की वस्तुएं भी ले सकेंगे.

नगर विकास और आवास विभाग से निर्मित जल जीवन हरियाली अभियान के तहत पंचमंदिरा पोखरा में घाट और पार्क निर्माण कार्य का उदघाटन स्वास्थ्य और विधि मंत्री मंगल पांडेय ने किया. पार्क के उद्घाटन के बाद पार्क घूमने के दौरान जब मंगल पांडे ने पार्क में लगे झूलों को देखा तो उनसे भी रहा नहीं गया और वह भी झूले पर बैठ इसका लुत्फ उठाते दिखे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *