Bihar News : यादव मुस्लिम के बाद कुशवाहा वोट पर RJD की नजर….पटना में तेजस्वी यादव ने समाज के लिए उठाई बड़ी मांग

पटना। मुस्लिमों और यादवों की राजनीति करने वाली आरजेडी इन दिनों कुशवाहा वोट पर अपनी नजर टीका रही है। लोकसभा चुनाव 2024 मे लगभग एक दर्जन से अधिक कुशवाहा समाज के नेताओं को टिकट देने के बाद पार्टी ने समाज के एक और बड़े नेता के लिए बड़ी मांग की है। राजधानी पटना में बाबू जगदेव प्रसाद की शहादत दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम में तेजस्वी यादव ने यह घोषणा की और कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में सर्व समाज को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।

RJD ने की भारत रत्न देने की मांग

तेजस्वी यादव ने कार्यक्रम के दौरान कहा, हमने पिछले लोकसभा चुनाव में कुशवाहा समाज के लोगों को सबसे अधिक टिकट दिलवाने का काम किया था। हमें विश्वास है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) इस समाज को सम्मानजनक प्रतिनिधित्व प्रदान करेगा। बाबू जगदेव प्रसाद ने जो शहादत दी, उसकी प्रेरणा से ही आज हम अपने अधिकारों की रक्षा कर सकते हैं।तेजस्वी यादव ने शहीद जगदेव प्रसाद के संघर्ष और उनके द्वारा उठाए गए सामाजिक न्याय के मुद्दों की सराहना की। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने आज बाबू जगदेव प्रसाद कुशवाहा को भारत रत्न देने की मांग की।

सत्ता में बैठे नेता संविधान को खत्म करना चाहते : तेजस्वी यादव

उन्होंने कहा कि बाबू जगदेव प्रसाद का नारा कि पहली पीढ़ी के लोग मारे जाएंगे, दूसरी पीढ़ी के लोग जेल जाएंगे, और तीसरी पीढ़ी राज करेगी, आज भी प्रासंगिक है और सामाजिक न्याय की लड़ाई में महत्वपूर्ण है। विरोधियों पर निशाना साधते हुए तेजस्वी यादव ने मौजूदा भाजपा-एनडीए सरकार की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सत्ता में बैठे नेता संविधान को समाप्त करने की कोशिश कर रहे हैं और आरक्षण को खत्म करने की मांग कर रहे हैं। तेजस्वी यादव ने निजीकरण की बढ़ती प्रवृत्ति पर भी चिंता व्यक्त की और कहा कि पिछड़ों के आरक्षण को चालाकी से समाप्त किया जा रहा है।

विचारधारा से पीछे नहीं हटेगी RJD : लालू यादव

राजद के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने भी शहादत दिवस के मौके पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा, कोई भी ताकत आरक्षण को नहीं छीन सकती। हम हमेशा बाबू जगदेव प्रसाद, कर्पूरी ठाकुर, और लोहिया के योगदानों को याद रखेंगे और एकजुट रहेंगे। हमारी पार्टी अपने विचारधारा से पीछे नहीं हटेगी। लालू प्रसाद यादव ने कहा कि वर्तमान में आरक्षण को छीनने की कोशिश की जा रही है और यह समाज के हित में नहीं है। राजद ने अपने समर्थन और संघर्ष को जारी रखने का संकल्प लिया है।

(क्रेडिट -मीडिया इनपुट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *