Semicon India 2025: भारत ने डिजिटल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम बढ़ाया है। 2 सितंबर 2025 को Semicon India 2025 के उद्घाटन के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश में निर्मित पहली 32-bit माइक्रोप्रोसेसर ‘Vikram’ तोहफे में दिया गया। यह चिप न केवल भारत के लिए गर्व की बात है, बल्कि देश की टेक्नोलॉजी आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा संकेत भी है।
देश की पहली स्वदेशी चिप का महत्व
Vikram 32-bit प्रोसेसर देश में पूरी तरह डिजाइन और वेरिफिकेशन के साथ विकसित किया गया है। यह खास तौर पर स्पेस-ग्रेड और हाई-रिलायबिलिटी डिवाइस के लिए बनाया गया है, जहां शुद्धता, स्थायित्व और लंबी उम्र सबसे जरूरी होती है। इस चिप का मतलब सिर्फ तकनीकी उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर रेस में स्थायी खिलाड़ी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
Semiconductor Chip क्या है?
आसान शब्दों में, सेमीकंडक्टर चिप पतली सिलिकॉन वेफर पर बने लाखों ट्रांजिस्टरों का जाल है। यही ट्रांजिस्टर डिवाइस को “स्मार्ट” बनाते हैं – कम्प्यूटिंग , मेमोरी मैनेजमेंट, सिग्नल प्रोसेसिंग और कंट्रोल जैसी जटिल गतिविधियों को आसान बनाते हैं। अलग-अलग कामों के लिए अलग तरह की चिप्स होती हैं, जैसे CPU/GPU (प्रोसेसिंग), MCU (कंट्रोल), मेमोरी (DRAM/NAND), और RF/एनालॉग (नेटवर्किंग/सेंसर)।
भारत का सेमीकंडक्टर मिशन
Semicon India 2025 में प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट किया कि भारत सेमीकंडक्टर मिशन और Design-Linked Incentive (DLI) योजना के अगले चरण पर काम किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि देश में डिजाइन, फैब्रिकेशन और पैकेजिंग तीनों मोर्चों पर मजबूत इकोसिस्टम तैयार किया जाए। सानंद (गुजरात) में CG-Semi का OSAT पायलट इस दिशा में पहला कदम साबित हो रहा है।
इस्तेमाल और फायदे
Made in India सेमीकंडक्टर चिप का इस्तेमाल कई सेक्टरों में होगा जैसे –
मोबाइल/कंप्यूटर : एप्लिकेशन प्रोसेसर, मेमोरी और पावर मैनेजमेंट
ऑटो/EV: बैटरी कंट्रोल, ADAS सेंसर, इंफोटेनमेंट
टेलीकॉम/5G: RF फ्रंट-एंड और राउटर/स्विच ASIC
इंडस्ट्रियल/IoT: माइक्रो कंट्रोलर्स, सेंसर-नोड्स, मोटर ड्राइव
एयरोस्पेस/डिफेंस/स्पेस: रेड हार्डनड प्रोसेसर और कंट्रोलर
देश में चिप निर्माण से आयात पर निर्भरता घटेगी, रोजगार के नए अवसर बनेंगे और टेक्नोलॉजी में आत्मनिर्भरता मजबूत होगी।
भविष्य और चुनौतियां
फाउंड्री और OSAT यूनिट्स स्थापित करने में अरबों डॉलर का निवेश और सालों का समय लगता है। इसके अलावा, उच्च गुणवत्ता वाले केमिकल्स, क्लीनरूम, प्रशिक्षित इंजीनियर और टैलेंट पाइपलाइन तैयार करना चुनौतीपूर्ण है। बावजूद इसके, भारत ने ग्लोबल पार्टनरशिप, PLI और DLI जैसी नीतियों के माध्यम से इस क्षेत्र में मजबूत कदम बढ़ाए हैं।
Vikram 32-bit माइक्रोप्रोसेसर और आने वाले OSAT/फाउंड्री प्रयास यह दिखाते हैं कि भारत अब सेमीकंडक्टर क्षेत्र में दर्शक नहीं बल्कि खिलाड़ी बनना चाहता है। यह सिर्फ तकनीक की उपलब्धि नहीं, बल्कि देश की डिजिटल आत्मनिर्भरता की शुरुआत है।