पटना। बिहार में नीतीश कुमार सरकार ने वक्फ (Waqf Bill) की जमीन पर 21 नए मदरसे बनाने का ऐलान किया है। जेडीयू के वरिष्ठ नेता और बिहार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय की राजनीति करने वाले लोग सिर्फ वोट बैंक की राजनीति करते हैं। नीतीश कुमार के नेतृत्व में सभी समुदायों का विकास हुआ है और आगे भी होगा।
सदन में Waqf Bill का जदयू ने किया था समर्थन
अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान ने कहा कि नए मदरसे बेहतर शिक्षा सुविधाएं देंगे और नए शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।ज्ञात हो कि Waqf Bill को सदन में जेडीयू ने केंद्र सरकार के रुख का समर्थन किया था। हाल ही में जेडीयू नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) ने वक्फ बिल को लेकर पार्टी को नीति पर विपक्ष की चिंताओं को खारिज कर दिया। सदन में उन्होंने कहा, था हमने कई माननीय सदस्यों की चिंताओं को सुना है। जेडीयू, एक पार्टी के तौर पर, वक्फ बोर्ड कानून में इस संशोधन को मुस्लिम विरोधी नहीं मानती। इसमें मुस्लिम विरोधी पहलू कहां है? इसे मुस्लिम विरोधी कौन कह रहा है? इसकी तुलना मंदिरों और गुरुद्वारों से की जा रही है। अगर आपको मंदिर और संस्था में फर्क नहीं दिखता तो आप क्या तर्क दे रहे हैं?
विधेयक को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा : जदयू
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) ने कहा, Waqf Bill मस्जिद में दखल देने की बात नहीं बल्कि यह कानूनी रूप से बंधी हुई संस्था को और पारदर्शी बनाने की बात है। कानून से बंधी हुई संस्थाओं में पारदर्शिता होनी चाहिए। वक्फ बोर्ड कानून से बना है और अगर कानून से बंधी हुई संस्था गैर-जवाबदेह है तो सरकार का अधिकार है कि वह उसकी पारदर्शिता के लिए कानून बनाए। इसकी तुलना मंदिरों से करना बेबुनियाद है। कोई धार्मिक विभाजन नहीं है, ऐसा भ्रम फैलाया जा रहा है।