पटना। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी (Oxford University) प्रेस ने ‘ब्रेन रॉट’ को 2024 का वर्ड ऑफ द ईयर घोषित किया है. 2023 से 2024 के बीच इस शब्द के उपयोग में 230% की वृद्धि हुई है. ऑक्सफोर्ड लैंग्वेजेस के अध्यक्ष कैस्पर ग्राथवोहल ने कहा, “यह शब्द वर्चुअल लाइफ के खतरों को उजागर करता है. इसे वर्ड ऑफ द ईयर के रूप में स्वीकार करना आज के समय की सही तस्वीर पेश करता है.”
क्या है ‘ब्रेन रॉट’?
ब्रेन रॉट का मतलब है—लगातार तुच्छ और कम चुनौतीपूर्ण सामग्री देखने से दिमाग की बौद्धिक क्षमता और मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव. सोशल मीडिया के दौर में, यह शब्द खासतौर पर जेनरेशन जी (1997-2012 में जन्मे) और जेनरेशन अल्फा (2013 के बाद जन्मे) के बीच लोकप्रिय हुआ, जो डिजिटल और सोशल मीडिया के साथ बड़े हो रहे हैं.
ब्रेन रॉट का इतिहास
हालांकि यह शब्द हाल ही में चर्चा में आया है, इसका इस्तेमाल 1854 में लेखक हेनरी डेविड थॉरो ने अपनी प्रसिद्ध पुस्तक ‘वाल्डेन’ में किया था. उन्होंने समाज की उस आदत पर सवाल उठाया था, जो जटिल और गंभीर विचारों को अनदेखा करती है. थॉरो ने लिखा था, “इंग्लैंड आलू सड़ने से बचाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन ब्रेन रॉट को ठीक करने की कोशिश क्यों नहीं हो रही?”
Oxford University द्वारा शॉर्टलिस्ट किए गए अन्य शब्द
ब्रेन रॉट के अलावा, ऑक्सफोर्ड (Oxford University) ने 5 अन्य शब्दों को भी शॉर्टलिस्ट किया था, जो मौजूदा समय और समाज की सोच को दर्शाते हैं:
- डिम्योर (Demure): ऐसा व्यक्ति जो शांत, सादगीपूर्ण और संयमित व्यवहार करता हो.
- डायनेमिक प्राइसिंग (Dynamic Pricing): बाजार में मांग बढ़ने पर वस्तु या सेवा की कीमत में बदलाव की प्रक्रिया.
- लोर (Lore): किसी विषय, व्यक्ति, या स्थान से जुड़ी जानकारी और कहानियों का संग्रह.
- रोमांटैसी (Romantasy): रोमांस और फैंटेसी का मिश्रण, जिसमें प्रेम कहानी के साथ जादू और रोमांच होता है.
- स्लोप (Slop): इंटरनेट पर बिना सोचे-समझे शेयर की गई या बेकार सामग्री, जो अक्सर AI द्वारा बनाई जाती है.
क्यों है ‘ब्रेन रॉट’ खास?
जेनरेशन जी और जेनरेशन अल्फा के जीवन में सोशल मीडिया और डिजिटल आदतों का गहरा प्रभाव है. यह शब्द डिजिटल युग की उन चुनौतियों की ओर इशारा करता है, जिनसे मानसिक स्वास्थ्य और बौद्धिक विकास प्रभावित हो रहा है. “ब्रेन रॉट” को वर्ड ऑफ द ईयर के रूप में चुनकर ऑक्सफोर्ड ने आधुनिक डिजिटल जीवन की एक गंभीर समस्या को रेखांकित किया है.