Work-Life Balance : भारत में युवा पीढ़ी खासकर Gen Z सफलता के पारंपरिक पैमानों को चुनौती दे रही है. जहां पहले सफलता का मतलब तेजी से प्रमोशन पाना, ऊंची सैलरी कमाना और बड़े पद पर पहुंचना माना जाता था, वहीं अब युवा कर्मचारी इस दौड़ से दूरी बनाते दिख रहे हैं. हाल में हुए वैश्विक सर्वेक्षणों के मुताबिक लगभग आधे युवा खुद को एंबिशियस नहीं मानते. उनका कहना है कि पद और प्रतिष्ठा से ज्यादा जरूरी मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन और स्थिर जीवन है. एक अन्य सर्वे में सामने आया कि 47 प्रतिशत कर्मचारी कॉर्पोरेट सीढ़ी चढ़ने में रुचि नहीं रखते. वे रैंक या टाइटल की बजाय संतुलित जीवन, अपनापन और खुशी को प्राथमिकता दे रहे हैं. सर्वे के अनुसार 52 प्रतिशत युवा करियर ग्रोथ से ज्यादा मानसिक शांति चाहते हैं, जबकि 41 प्रतिशत लोग निश्चित समय और मानसिक सुरक्षा के बदले कम वेतन पर भी काम करने को तैयार हैं.
बदलती सोच..बदलते मानदंड
रैंडस्टैड के ताजा आंकड़े बताते हैं कि कर्मचारी खुद को सफल तो मानते हैं, लेकिन उनकी सफलता की परिभाषा बदल गई है. अब ऊपर बढ़ना ही सब कुछ नहीं है, बल्कि स्वतंत्रता, लचीलापन और काम की गुणवत्ता ज्यादा अहम मानी जा रही है. दिल्ली की 26 वर्षीय महक कहती हैं, मैं अपनी जिंदगी संतुलन के साथ जीना चाहती हूं. काम जरूरी है, लेकिन वह मेरे पूरे जीवन पर हावी न हो. यह बदलाव खासकर आईटी, मीडिया, स्टार्टअप और कंसल्टिंग जैसे क्षेत्रों में साफ दिख रहा है. ये सेक्टर पहले लंबे कामकाजी घंटों और कड़ी प्रतिस्पर्धा के लिए जाने जाते थे, लेकिन अब युवा कर्मचारी सीमाएं तय करने और संतुलन बनाए रखने पर जोर दे रहे हैं.
युवा क्यों छोड़ रहे हैं नौकरी?
विशेषज्ञों के मुताबिक युवाओं के नौकरी छोड़ने के पीछे कई सामाजिक और आर्थिक कारण हैं. जैसे कई युवाओं ने अपने परिवार में नौकरी जाने, वेतन कटौती और अस्थिरता का अनुभव किया. खासकर महामारी के बाद से यह धारणा बनी कि केवल मेहनत करना नौकरी की सुरक्षा की गारंटी नहीं है. छंटनी और महंगाई के माहौल में युवा प्रतिष्ठा से ज्यादा सुरक्षा और स्थिरता चाहते हैं. फ्रीलांसिंग और प्रोजेक्ट आधारित काम को वे जोखिम बांटने के तरीके के रूप में देख रहे हैं. Gen Z खुलकर मानती है कि कार्यस्थल का तनाव मानसिक स्वास्थ्य पर असर डाल सकता है.
वर्कप्लेस पर दिख रहा नया ट्रेंड
इस कारण से Gen Z ऐसे प्रमोशन ठुकरा रहे हैं जिनमें अत्यधिक काम का दबाव हो. लचीलापन और पर्याप्त वेतन के बिना लीडरशिप रोल लेने से परहेज. हाई परफॉर्मर कर्मचारी ओवरअचीव की बजाय सीमित और संतुलित प्रदर्शन को प्राथमिकता दे रहे हैं. Gen Z छुट्टियों, निजी समय और व्यक्तिगत सीमाओं को अधिक महत्व दे रहे हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव अस्थायी नहीं, बल्कि कार्य संस्कृति में लंबे समय तक प्रभाव डाल सकता है. आने वाले वर्षों में कंपनियों को कर्मचारियों की अपेक्षाओं के अनुसार नीतियां और कार्य मॉडल बदलने होंगे. स्पष्ट है कि भारत में Gen Z के लिए सफलता अब सिर्फ पद और पैसे तक सीमित नहीं रही. उनके लिए अच्छी जिंदगी, मानसिक स्वास्थ्य और संतुलन ही असली उपलब्धि है.