Banka news : युवक की विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से मौत: शादी के बाद परिजनों पर टूटा दुख का पहाड़

बांका। (Banka news )पंजवारा में एक युवक की विद्युत प्रवाहित तार के संपर्क में आने से मंगलवार को मौत हो गई। मृतक की पहचान पंजवारा कलाली टोला के मुरली यादव के पुत्र, 28 वर्षीय निवास कुमार यादव के रूप में हुई।

खेत में घास काटते समय हुई दुर्घटना

जानकारी के अनुसार, निवास कुमार मंगलवार सुबह पंजवारा धर्म कांटा के समीप बहियार में घास काटने गया था। इसी दौरान खेत में नीचे से गुजरे विद्युत प्रवाहित तार के संपर्क में आने से वह अचेत होकर गिर पड़ा। जब वह दोपहर तक घर नहीं लौटा, तो परिजन उसे खोजने खेत की ओर गए, जहां उन्हें उसकी लाश मिली।

 परिजनों का बुरा हाल, सरकारी मदद का आश्वासन

घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग धर्म कांटा के समीप इकट्ठा हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मौके पर पहुंची पंजवारा थाना पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया गया। निवास, पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था और उसने दो वर्ष पूर्व शादी की थी। वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।

बिजली विभाग पर स्थानीय लोगों का आक्रोश

घटना के बाद, स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि पंजवारा में कई जगह विद्युत प्रवाहित तार लटके हुए हैं, जिससे दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है, लेकिन विद्युत विभाग इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। पंजवारा थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने पुष्टि की है कि शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, मौके पर मौजूद क्षेत्रीय सीओ ने परिजनों को सरकारी मदद दिलाने का आश्वासन दिया है। (Banka news)

क्रेडिट -मीडिया इनपुट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *