भाजपा के इशारे पर खाली कराया जा रहा राबड़ी आवास खाली..! फिर नीतीश कुमार ने बदला प्लान, जानिए क्या है पूरा मामला

Bihar politics : पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास मामले में नया खुलासा हुआ है. दरअसल नई सरकार के गठन के बाद से बिहार की राजनीति में 10, सर्कुलर रोड सरकारी बंगले को लेकर हलचल मची हुई है. यही वो अवास है जहां विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी लगभग 3 दशक से रह रही हैं.

क्या है पूरा मामला?

बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने एक पत्र जारी किया था. इस पत्र में लिखा गया कि विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को 39, हार्डिंग रोड स्थित सरकारी बंगला आवंटित किया जाता है. जैसे ही यह पत्र सामने आया, राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई. कहा जाने लगा कि राबड़ी देवी को अपना मौजूदा आवास 10, सर्कुलर रोड खाली करना होगा, जहां वह पिछले करीब 20 वर्षों से रह रही हैं. इस नोटिस को जारी हुए करीब 90 दिन बीत चुके हैं. लेकिन राबड़ी देवी अब भी 10, सर्कुलर रोड वाले बंगले में ही रह रही हैं. सूत्रों का कहना है कि न तो उन्होंने बंगला खाली किया है और न ही सरकार की ओर से इसे खाली कराने की कोई सख्ती दिखाई गई है.

अंदरखाने क्या हुआ?

दैनिक भास्कर के एक्सक्लूसिव रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि भाजपा के एक वरिष्ठ मंत्री की पहल पर यह प्रक्रिया शुरू की गई थी. नई सरकार बनने के बाद उन्होंने एक अधिकारी से इस पर कार्रवाई करने को कहा. हालांकि भवन निर्माण विभाग की जिम्मेदारी जदयू कोटे के मंत्री विजय कुमार चौधरी के पास है, जिन्हें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का करीबी माना जाता है. दावा यह भी है कि जिस अधिकारी को कार्रवाई का निर्देश दिया गया था, उन्हें भी मुख्यमंत्री के करीबी अधिकारियों में गिना जाता है. बताया जाता है कि भाजपा नेता के कहने पर मंत्री और अधिकारी ने नया आवास तो आवंटित कर दिया, लेकिन राबड़ी देवी को पुराना बंगला खाली करने का औपचारिक नोटिस नहीं दिया गया. साथ ही 10, सर्कुलर रोड वाला बंगला किसी और मंत्री को आवंटित भी नहीं किया गया.

मीडिया में खबर के बाद हलचल

जब मीडिया में यह खबर चली कि राबड़ी देवी को बंगला खाली करना होगा, तब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सक्रिय हुए. सूत्रों के मुताबिक, उन्हें पहले इस फैसले की जानकारी नहीं थी. उन्होंने संबंधित अधिकारी को बुलाकर पूरी जानकारी ली. इसके बाद मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया. यह भी कहा जा रहा है कि नीतीश कुमार ने इस मुद्दे पर भाजपा नेता से बात की और भविष्य में दूसरे विभागों के काम में दखल न देने की हिदायत दी. फिलहाल, राबड़ी देवी अपने पुराने आवास में ही रह रही हैं और सरकार की ओर से कोई नई कार्रवाई सामने नहीं आई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *