Bihar politics : राजनीतिक रणनीतिकार और जनसूराज पार्टी (JSP) के प्रमुख प्रशांत किशोर और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के बीच हाल ही में हुई एक गोपनीय मुलाकात ने देश की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो बीते दिनों दिल्ली में दोनों नेताओं के बीच करीब दो घंटे तक बंद कमरे में बातचीत हुई, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में सियासी समीकरणों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
बैठक में क्या बातचीत हुई
हालांकि इस बैठक के बाद न तो प्रशांत किशोर और न ही कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह मुलाकात भविष्य की रणनीति को लेकर अहम हो सकती है। खास तौर पर बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में जनसूराज पार्टी के अपेक्षित प्रदर्शन न कर पाने के बाद इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बिहार चुनाव के बाद बदली सियासी जमीन?
बिहार विधानसभा चुनाव में जनसूराज पार्टी ने 238 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन पार्टी एक भी सीट जीतने में सफल नहीं हो सकी। पार्टी का कुल वोट शेयर करीब 3.4 प्रतिशत रहा और कई सीटों पर उम्मीदवारों की जमानत भी जब्त हो गई। चुनाव परिणाम आने के बाद प्रशांत किशोर ने सार्वजनिक रूप से हार की जिम्मेदारी लेते हुए कहा था कि जनता का अपेक्षित समर्थन नहीं मिल सका और पार्टी को आत्ममंथन की जरूरत है।जिसके बाद प्रियंका गांधी से हुई यह मुलाकात राजनीतिक विश्लेषकों को संकेत दे रही है कि प्रशांत किशोर आने वाले समय में अपनी राजनीतिक भूमिका और रणनीति को लेकर नए विकल्पों पर विचार कर रहे हैं।
बीजेपी-एनडीए के खिलाफ विपक्षी एकजुटता की कोशिश?
बिहार में भाजपा-एनडीए की मजबूत जीत के बाद विपक्षी दलों के सामने नई रणनीति गढ़ने की चुनौती है। कांग्रेस भी अपने संगठन को मजबूत करने और विपक्षी मोर्चे को फिर से धार देने के प्रयास में जुटी हुई है। ऐसे में प्रशांत किशोर और कांग्रेस नेतृत्व के बीच संवाद को विपक्षी एकता की दिशा में एक संभावित कदम के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि प्रशांत किशोर पहले यह स्पष्ट कर चुके हैं कि उनकी पार्टी किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी, लेकिन बदले राजनीतिक हालात में उनके रुख में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
क्या बदलेगा राजनीतिक समीकरण?
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी इस मुलाकात को लेकर फिलहाल चुप्पी साधे हुए हैं। बावजूद इसके, जानकारों का मानना है कि यह बैठक केवल औपचारिक शिष्टाचार नहीं थी, बल्कि इसके दूरगामी राजनीतिक संकेत हो सकते हैं। खासकर तब, जब कांग्रेस अपने चुनावी रणनीति का पुनर्मूल्यांकन कर रही है और विपक्षी एकता को लेकर नए सिरे से मंथन चल रहा है। कुल मिलाकर, प्रशांत किशोर और प्रियंका गांधी की यह गुपचुप मुलाकात आने वाले दिनों में राष्ट्रीय और बिहार की राजनीति में नए समीकरणों की भूमिका तैयार कर सकती है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि इस संवाद के बाद सियासी मंच पर कौन-सा अगला कदम उठाया जाता है।