india vs pakistan : आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी (रविवार) को भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला खेला जाना है. यह मैच कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में आयोजित होगा, लेकिन इस हाईवोल्टेज भिड़ंत पर अब मौसम का खतरा मंडराने लगा है. श्रीलंका के मौसम विभाग और प्राकृतिक आपदा प्रारंभिक चेतावनी केंद्र ने 15–16 फरवरी के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है, जिससे मैच के बारिश से प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है. मौसम विभाग के अनुसार 15 फरवरी के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसके चलते कोलंबो और आसपास के इलाकों में भारी बारिश और खराब मौसम का पूर्वानुमान जताया गया है. एडवाइजरी में आम लोगों और आयोजनकर्ताओं को नियमित रूप से मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.
आमिर का बयान चर्चा में
उधर इस बहुप्रतीक्षित भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले दोनों टीमों के खेमों में हलचल तेज हो गई है. हाई-वोल्टेज मैच से ठीक पहले टीम इंडिया के युवा सलामी बल्लेबाज Abhishek Sharma की फिटनेस को लेकर संशय बना हुआ है, वहीं पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज Mohammad Amir के बयान ने मुकाबले में नई ताजगी और बहस छेड़ दी है. मोहम्मद आमिर ने एक पाकिस्तानी टीवी शो में अभिषेक शर्मा के खेल का विश्लेषण करते हुए उसे हाई-रिस्क करार दिया. आमिर के अनुसार, अभिषेक हर गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश करते हैं, जो उन्हें खतरनाक तो बनाता है, लेकिन जोखिम भी बढ़ाता है. आमिर ने कहा कि यदि गेंदबाज स्विंग और शरीर की लाइन पर गेंदबाजी करें तो अभिषेक को नियंत्रित किया जा सकता है. उनके इस बयान के बाद क्रिकेट जगत में रणनीति और संभावित मुकाबले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
अभिषेक की फिटनेस पर अंतिम फैसला बाकी
नामीबिया के खिलाफ खेले गए पिछले मुकाबले में अस्वस्थता के कारण अभिषेक शर्मा मैदान पर नहीं उतर सके थे. पेट में संक्रमण की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालांकि उन्हें छुट्टी मिल चुकी है और वह टीम के साथ जुड़ गए हैं, लेकिन टीम प्रबंधन उनकी मैच फिटनेस पर अंतिम निर्णय मुकाबले से ठीक पहले लेगा. यदि अभिषेक इस अहम मुकाबले में नहीं खेल पाते हैं, तो टीम की बल्लेबाजी इकाई पर अतिरिक्त दबाव आ सकता है. ऐसे में मध्यक्रम के बल्लेबाजों, विशेषकर विकेटकीपर-बल्लेबाज Sanju Samson पर जिम्मेदारी और बढ़ जाएगी.
मुकाबले पर टिकी निगाहें
भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले हमेशा से रोमांच और दबाव से भरे रहे हैं. ऐसे में अभिषेक की उपलब्धता और आमिर की रणनीतिक टिप्पणी ने इस मैच को और भी दिलचस्प बना दिया है. अब सबकी निगाहें 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले इस हाई-प्रोफाइल टकराव पर टिकी हैं, जहां दोनों टीमें जीत के साथ टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेंगी.