BCCI के रवैए पर भारत में T20 वर्ल्ड कप खेलने से बांग्लादेश का इंकार..? राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर बहाना बना रहा BCB 

Bangladesh cricket: भारत में प्रस्तावित T20 वर्ल्ड कप को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने बड़ा और चौंकाने वाला बयान दिया है। बांग्लादेश का कहना है कि भारत में टूर्नामेंट खेलने का मसला अब केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बन चुका है।

राष्ट्रीय सुरक्षा का बहाना बना रहा बांग्लादेश

समाचार चैनल आज तक की एक रिपोर्ट की माने तो बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के उपाध्यक्ष और निदेशक फारुक अहमद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बोर्ड इस फैसले को अकेले नहीं ले सकता, क्योंकि इसमें सरकार और सुरक्षा एजेंसियों की भूमिका अहम है। फारुक अहमद ने कहा कि हमारे लिए यह सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं है। अगर किसी एक खिलाड़ी की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा सकती, तो पूरी टीम की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी? इसलिए यह मामला अब राष्ट्रीय सुरक्षा का रूप ले चुका है।

फारुक ने यह भी बताया कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड सरकारी दिशा-निर्देशों के तहत काम करता है और जब तक सरकार और सुरक्षा एजेंसियों से स्पष्ट संकेत नहीं मिलते, तब तक भारत में खेलने को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया जा सकता।

क्या मुस्ताफिजुर रहमान मामला बना टर्निंग पॉइंट ?

इस पूरे विवाद की जड़ में बांग्लादेश के स्टार तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान का मामला बताया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि मुस्ताफिजुर को आईपीएल फ्रेंचाइज़ी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से रिलीज़ किए जाने के बाद बांग्लादेश में यह धारणा बनी कि भारत में खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर अनिश्चितता है। फारुक अहमद ने माना कि यह घटना बांग्लादेश के लिए एक चेतावनी संकेत साबित हुई। जब एक खिलाड़ी को लेकर ऐसी स्थिति बनती है, तो स्वाभाविक है कि पूरे दल की सुरक्षा पर सवाल उठते हैं।

बता दें कि बीते दिनों बांग्लादेश में हुए हिंदू युवक की हत्या के बाद भारत में रहमान के खेलने को लेकर विवाद हुआ था जिसके बाद बीसीसीआई के निर्देश पर केकेआर ने उसे टीम से रिलीज कर दिया।

हाइब्रिड मॉडल पर विचार

मीडिया सूत्रों के अनुसार बांग्लादेश अब हाइब्रिड मॉडल पर विचार कर रहा है, ठीक उसी तरह जैसे पाकिस्तान अपने कुछ मैच भारत से बाहर खेलने की मांग करता रहा है। BCB ने संकेत दिए हैं कि वह ICC से अपने मैच किसी तटस्थ देश , जैसे की श्रीलंका में कराने की मांग कर सकता है।

ICC पर बढ़ा दबाव

बांग्लादेश के भारत में प्रस्तावित मुकाबले कोलकाता और मुंबई में होने हैं। कोलकाता वही शहर है जहां मुस्ताफिजुर रहमान आईपीएल में KKR टीम का हिस्सा थे। इसी वजह से सुरक्षा चिंताओं को और गंभीरता से लिया जा रहा है। बांग्लादेश के इस रुख के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) पर दबाव बढ़ गया है। अगर बांग्लादेश आधिकारिक रूप से भारत आने से इनकार करता है, तो यह टूर्नामेंट के आयोजन और शेड्यूल पर असर डाल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *