नई दिल्ली। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पेरिस ओलिंपिक 2024 (Olympics) के मेडल महज 5 महीने में ही खराब होने लगे हैं. भारत समेत दुनियाभर के कई खिलाड़ियों ने शिकायत की है कि उनके मेडल का रंग उतर रहा है और वे खराब हो रहे हैं.
100 से ज्यादा खिलाड़ियों ने की शिकायतें
फ्रांसीसी मीडिया आउटलेट ‘ला लेट्रे’ की रिपोर्ट के मुताबिक, दुनियाभर के 100 से ज्यादा खिलाड़ियों ने पेरिस ओलिंपिक कमेटी से मेडल (Olympics) के खराब होने की शिकायत की है. इंटरनेशनल ओलिंपिक कमेटी (IOC) ने इस समस्या को स्वीकारते हुए आश्वासन दिया है कि खराब मेडल को बदला जाएगा. भारत के मेडल विजेता शूटर सरबजोत सिंह, जिन्होंने मनु भाकर के साथ ब्रॉन्ज जीता था, ने बताया कि उनका मेडल भी खराब हो गया है.
IOC ने क्या कहा
मेडल बनाने वाली कंपनी मोनने डी पेरिस के प्रवक्ता ने कहा कि मेडल डिफेक्टिव नहीं हैं. जो मेडल रंग छोड़ रहे हैं, उन्हें बदला जा रहा है. यह प्रक्रिया अगस्त से ही शुरू कर दी गई है और इसे आगे भी जारी रखा जाएगा. IOC ने अपने बयान में कहा, “हम मेडल बनाने वाली कंपनी के साथ मिलकर सभी खिलाड़ियों के मेडल बदलने का काम जल्दी शुरू करेंगे. यह काम अगले कुछ हफ्तों में पूरा हो जाएगा.
एफिल टावर के लोहे से बने थे Olympics मेडल
पेरिस ओलिंपिक 2024 (Olympics)के मेडल खासतौर पर ऐतिहासिक एफिल टावर के लोहे के टुकड़ों से बनाए गए थे. एफिल टावर की पिछली रिपेयरिंग के दौरान हटाए गए लोहे के टुकड़ों का उपयोग मेडल में किया गया. मेडल के ऊपरी हिस्से में 18 ग्राम लोहे से एक हेक्सागोन का डिजाइन बनाया गया था. इसके अलावा, मेडल के रिबन पर भी एफिल टावर की आकृति उकेरी गई थी.