RCB ने 9 साल बाद IPL फाइनल में बनाई जगह, पंजाब किंग्स को 8 विकेट से हराया

IPL final : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुरुवार को क्वालिफायर-1 में पंजाब किंग्स को 8 विकेट से हराकर नौ साल बाद इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के फाइनल में जगह बना ली। सुयश शर्मा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए, वहीं फिल सॉल्ट की तूफानी फिफ्टी ने टीम की जीत की नींव रखी।

पंजाब की पारी लड़खड़ाई, सिर्फ 101 रन पर ढेर

न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में RCB ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और पंजाब की टीम को महज 14.1 ओवर में 101 रन पर समेट दिया। पंजाब की ओर से मार्कस स्टोयनिस ने सर्वाधिक 26 रन बनाए, जबकि RCB की ओर से जोश हेजलवुड और सुयश शर्मा ने 3-3 विकेट झटके। यश दयाल को भी 2 सफलता मिली।

फिल सॉल्ट की फिफ्टी और पाटीदार का फिनिशिंग शॉट

जवाब में RCB ने बेहद आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। ओपनर फिल सॉल्ट ने अर्धशतक लगाया, जबकि कप्तान रजत पाटीदार ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई और फाइनल में पहुँचाया।

 

IPL final : चौथी बार फाइनल में पहुंची RCB

RCB ने अब तक चौथी बार IPL फाइनल में जगह बनाई है। पिछली बार टीम 2016 में फाइनल में पहुँची थी, लेकिन खिताब नहीं जीत सकी थी। फाइनल मुकाबला अब 3 जून को अहमदाबाद में खेला जाएगा, जिसमें RCB ट्रॉफी जीतने की कोशिश करेगी।

IPL final : पंजाब के पास एक और मौका

हार के बावजूद पंजाब किंग्स के पास अभी भी फाइनल में पहुँचने का मौका है। टीम अब 1 जून को क्वालिफायर-2 में एलिमिनेटर की विजेता से भिड़ेगी। एलिमिनेटर मुकाबला शुक्रवार को मुंबई और गुजरात के बीच खेला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *