वैभव सूर्यवंशी के नाम एक और इतिहास…बने लिस्ट-A क्रिकेट के सबसे युवा शतकवीर

Vaibhav Suryavansh : भारतीय घरेलू क्रिकेट में एक नया इतिहास रचते हुए युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने विजय हजारे ट्रॉफी में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ धमाकेदार प्रदर्शन किया. वैभव ने महज 36 गेंदों में शतक जड़ते हुए लिस्ट-A क्रिकेट में शतक लगाने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल कर लिया. इस ऐतिहासिक पारी के साथ वैभव सूर्यवंशी ने पाकिस्तान के जहूर इलाही का 39 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. इससे पहले यह रिकॉर्ड 1986 से कायम था, जिसे अब भारतीय क्रिकेट के इस उभरते सितारे ने अपने नाम कर लिया है.

39 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा

पाकिस्तानी क्रिकेटर जहूर इलाही ने साल 1986 में विल्स कप के दौरान पाकिस्तान ऑटोमोबाइल्स की ओर से खेलते हुए रेलवे के खिलाफ लिस्ट-A क्रिकेट में शतक लगाया था. उस समय उनकी उम्र 15 साल 209 दिन थी और वे लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने थे. वहीं, वैभव सूर्यवंशी ने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए और भी कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल की. उनकी यह पारी न सिर्फ उम्र के लिहाज से ऐतिहासिक रही, बल्कि उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने क्रिकेट जगत का ध्यान भी अपनी ओर खींचा.

वैभव सूर्यवंशी के लिए लाजवाब रहा 2025

महज 14 साल के भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के लिए साल 2025 किसी सपने के सच होने जैसा रहा है. इस युवा खिलाड़ी ने हर मंच पर अपने बल्ले से ऐसी छाप छोड़ी कि क्रिकेट जगत में उसका नाम तेजी से चर्चा में आ गया. साल की शुरुआत में वैभव को आईपीएल के जरिए पहला बड़ा एक्सपोजर मिला, जहां उन्होंने अपनी बेखौफ बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा. आईपीएल में ठोके गए आतिशी शतक ने उन्हें रातोंरात सुर्खियों में ला दिया. इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ यूथ वनडे और यूथ टेस्ट सीरीज में उन्होंने लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया और दौरे पर शतक जमाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया.

14 साल की उम्र में रनों का तूफान

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी वैभव का बल्ला खामोश नहीं रहा. यूथ सीरीज में शतक लगाकर उन्होंने विदेशी परिस्थितियों में भी अपनी क्षमता साबित की. इसके बाद इंडिया-A टीम के लिए एशिया कप में खेलते हुए वैभव ने शतकीय पारी खेली और सीनियर स्तर पर अपने दावे को और मजबूत किया. घरेलू क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन उतना ही शानदार रहा. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में वैभव ने शतक लगाया, फिर अंडर-19 एशिया कप में भी उन्होंने अपने बल्ले से शतक जड़ दिया. अब विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ खेली गई तूफानी पारी ने वैभव सूर्यवंशी को एक खास रिकॉर्ड सूची में शामिल कर दिया है. इतनी कम उम्र में लगातार शतक जड़ने वाले वैभव भारतीय क्रिकेट के भविष्य की बड़ी उम्मीद बनकर उभरे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *