अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट ने सार्वजनिक किए 3 लाख दस्तावेज…सामने आई इन दिग्गजों की तस्वीरें

Epstein Files : अमेरिका में कुख्यात फाइनेंसर और दोषी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े मामले में अब तक का सबसे बड़ा दस्तावेजी खुलासा हुआ है। अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट ने शुक्रवार देर रात भारतीय समय के मुताबिक करीब ढाई बजे एपस्टीन जांच से संबंधित लगभग तीन लाख दस्तावेज सार्वजनिक कर दिए। इन दस्तावेजों में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन, दिवंगत पॉप स्टार माइकल जैक्सन, हॉलीवुड अभिनेता क्रिस टकर और ब्रिटिश शाही परिवार के सदस्य प्रिंस एंड्रयू सहित कई चर्चित हस्तियों की तस्वीरें शामिल हैं।

तस्वीरों में क्या है?

जारी किए गए दस्तावेजों और तस्वीरों को कुल पांच सेट में सार्वजनिक किया गया। पहले चार सेट एक साथ जारी किए गए, जबकि कुछ घंटों बाद पांचवां सेट सामने आया। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इन फाइलों की संख्या 3,500 से अधिक है और इनमें करीब 2.5 जीबी से ज्यादा डेटा मौजूद है, जिसमें तस्वीरें, ईमेल्स, कोर्ट रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेज शामिल हैं। कुछ तस्वीरों में पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन को युवतियों के साथ स्विमिंग पूल और निजी पार्टियों में देखा जा सकता है। वहीं माइकल जैक्सन और अन्य चर्चित हस्तियों की मौजूदगी वाली तस्वीरें भी दस्तावेजों का हिस्सा हैं। हालांकि, कई फोटोग्राफ्स को लेकर यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वे किस स्थान और किस समय ली गई थीं। जस्टिस डिपार्टमेंट ने भी यह साफ किया है कि तस्वीरों की प्रामाणिकता और संदर्भ को लेकर जांच अभी पूरी नहीं हुई है।

कितना बड़ा असर?

इन खुलासों का राजनीतिक और सामाजिक असर कितना गहरा होगा, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। विशेषज्ञों का कहना है कि एपस्टीन मामले से जुड़ी कई तस्वीरें और जानकारियां पहले भी सार्वजनिक हो चुकी हैं, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में दस्तावेजों का एक साथ जारी होना अपने आप में अभूतपूर्व है। इन फाइलों की विस्तृत जांच के बाद ही यह तय हो पाएगा कि नए खुलासे किस दिशा में जाते हैं।

95 हजार तस्वीरें और बैंक रिकॉर्ड्स… क्या है एपस्टीन सेक्स स्कैंडल ? जिसको लेकर गले में अटकी है दुनिया के ताकतवर लोगों की जान

कुछ दस्तावेज अब भी गोपनीय

अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट ने यह भी बताया है कि एपस्टीन से जुड़े कुछ दस्तावेज अभी जारी नहीं किए गए हैं। इसके पीछे कारण यह बताया गया है कि कुछ मामलों में जांच अभी जारी है, जबकि कुछ फाइलें राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील पहलुओं से संबंधित हैं। गौरतलब है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 18 नवंबर को एक कानून पर हस्ताक्षर कर एपस्टीन मामले से जुड़े सभी दस्तावेजों को 30 दिनों के भीतर सार्वजनिक करने का आदेश दिया था। उसी आदेश के तहत अब यह बड़ा खुलासा सामने आया है।

कौन था जेफ्री एपस्टीन?

जेफ्री एपस्टीन एक प्रभावशाली फाइनेंसर था, जिस पर नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और सेक्स ट्रैफिकिंग के गंभीर आरोप थे। 2019 में न्यूयॉर्क की जेल में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसकी मौत के बाद भी यह मामला अमेरिका और दुनिया भर में लगातार सवालों और साजिशों के घेरे में रहा है। फिलहाल, जारी दस्तावेजों की गहन पड़ताल जारी है और आने वाले दिनों में एपस्टीन कांड से जुड़े और भी बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *