darbhanga news : दरभंगा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। सोनकी थाना क्षेत्र के चिकनी गांव निवासी बिहारी मंडल की निर्मम हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि इस जघन्य वारदात को किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि मृतक के अपने ही बेटे गोविंद मंडल और बहू मुनचुन देवी ने अंजाम दिया था।
क्या है मामला
इस मामले की जानकारी गुरुवार को सदर एसडीपीओ-1 राजीव कुमार ने प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि हत्या को लेकर मृतक के पुत्र अरविंद मंडल के आवेदन पर सोनकी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर मामले की गंभीरता से जांच शुरू की गई। जांच में जिला तकनीकी शाखा, एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) और मानवीय साक्ष्यों की मदद ली गई।
बिहार में कहीं स्कूलों में लगा ताला…तो कहीं बदला गया समय, कड़ाके की ठंड का बच्चों की पढ़ाई पर असर
पुलिस अनुसंधान के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि गोविंद मंडल और उसकी पत्नी मुनचुन देवी ने मिलकर बिहारी मंडल की हत्या की है। दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की गई तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि घरेलू विवाद और जमीन को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था। उनका आरोप था कि बिहारी मंडल जमीन बेचने के बावजूद उनके हिस्से का पैसा उन्हें नहीं देते थे। इसी रंजिश में उन्होंने हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही पुलिस
एसडीपीओ राजीव कुमार ने बताया कि घटना में प्रयुक्त खून लगे लोहे के दो टुकड़े, खून सनी ईंट, हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक और खून लगे कपड़े पुलिस ने बरामद कर जब्त कर लिए हैं। सभी साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। इस कार्रवाई में सोनकी थाना प्रभारी प्रताप सिंह, पुलिस पदाधिकारी रतन कुमार और जिला तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।