बिहार में तापमान में गिरावट और घने कोहरे के बीच कोल्ड-डे का अलर्ट…जानें कैसा रहेगा आज का मौसम

Bihar weather news : बिहार में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 23 दिसंबर को राज्य के उत्तर और दक्षिण-पश्चिमी जिलों के एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. वहीं, अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के शेष हिस्सों में भी कई जगह हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा बने रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले एक सप्ताह में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड और ज्यादा बढ़ेगी. पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार के कई जिलों में सुबह और देर रात घना कोहरा देखा गया. इस दौरान गयाजी में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

पूरे बिहार में कोल्ड-डे की स्थिति

मौसम विभाग का कहना है कि 25 दिसंबर के बाद पूरे बिहार में कोल्ड-डे की स्थिति बन सकती है. इस दौरान दिन के समय भी तापमान सामान्य से काफी नीचे रहेगा, जिससे दिन-रात हाड़ कंपाने वाली ठंड महसूस होगी. राजधानी पटना में भी आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. न्यूनतम तापमान में गिरावट के चलते यहां भी कोल्ड-डे की स्थिति बन सकती है. दिन में धूप निकलने की संभावना कम है, जिससे ठंड का असर लगातार बना रहेगा.

कई जिलों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे

राज्य में पिछले चार दिनों से आधे से ज्यादा जिलों में सूरज नहीं निकला है. पछुआ हवाओं ने ठंड की कनकनी और बढ़ा दी है. फिलहाल बिहार के पांच जिलों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है. इधर, पटना से सटे राजगीर में ठंड का असर और भी ज्यादा देखा जा रहा है. हालात यह हैं कि राजगीर का तापमान शिमला, देहरादून, रांची और भोपाल से भी कम दर्ज किया गया है. जहां शिमला का तापमान 7 डिग्री सेल्सियस है, वहीं नालंदा जिले के राजगीर में पारा 7 डिग्री से लुढ़ककर 6.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *