Bihar election: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले सियासी माहौल और गर्म हो गया है। भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह की भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में वापसी ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। मंगलवार को पवन सिंह ने राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोसपा) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा से उनके आवास पर मुलाकात की। इस बैठक में भाजपा के बिहार प्रभारी विनोद तावड़े और पार्टी के वरिष्ठ नेता ऋतुराज सिन्हा भी मौजूद थे।
मीटिंग के बाद तावड़े ने कहा कि पवन सिंह अब भाजपा कार्यकर्ता के रूप में एनडीए को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इस मुलाकात के बाद पटना समेत पूरे बिहार में सियासी चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
सूत्रों की मानें तो पवन सिंह के भाजपा के टिकट पर आरा या किसी अन्य सीट से चुनाव लड़ने की संभावना पर भी विचार हो रहा है। पवन और उपेंद्र कुशवाहा के बीच सुलह के बाद एनडीए को शाहाबाद क्षेत्र में फायदा मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि पवन सिंह की वापसी से पार्टी को जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने में मदद मिल सकती है।