Bihar Assembly Election Result LIVE : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। शुक्रवार 14 नवंबर को पूरे राज्य में मतगणना होगी। चुनाव आयोग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। राज्य के 38 जिलों में कुल 46 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। इस बार बिहार में रिकॉर्ड 67% मतदान हुआ है, जो अब तक का सबसे अधिक है। खास बात यह रही कि महिलाओं ने पुरुषों से 9% ज्यादा वोटिंग की।
स्ट्रॉन्ग रूम की तीन लेयर सुरक्षा
राज्यभर के सभी स्ट्रॉन्ग रूम में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए तीन लेयर का सुरक्षा घेरा बनाया गया है, सबसे बाहरी घेरे में पुलिस बल, दूसरे घेरे में सशस्त्र जवान और सबसे अंदर केंद्रीय बल तैनात हैं। सभी स्ट्रॉन्ग रूम सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी में हैं। किसी भी गड़बड़ी या संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
कब शुरु होगी मतगणना की प्रक्रिया
सुबह 8 बजे काउंटिंग की शुरुआत बैलेट पेपर और ETPBS (Electronically Transmitted Postal Ballot System) से होगी। इसके आधे घंटे बाद यानी 8:30 बजे से EVM की गिनती शुरू की जाएगी। दोनों प्रक्रियाएं समानांतर रूप से चलेंगी, लेकिन जब तक बैलेट पेपर की गिनती पूरी नहीं होती, तब तक EVM की गिनती को अंतिम रूप नहीं दिया जाएगा। चुनाव आयोग के मुताबिक, पहले रुझान सुबह 9 बजे से आने लगेंगे। प्रत्येक मतगणना केंद्र पर रिटर्निंग ऑफिसर (RO) की देखरेख में मतगणना होगी। सभी राउंड की गिनती पूरी होने के बाद RO ही परिणामों की औपचारिक घोषणा करेंगे।
कहा देख सकते हैं विधानसभा के नतीजे
हर राउंड के बाद आंकड़े सीधे चुनाव आयोग की वेबसाइट और इलेक्शन ऐप पर अपडेट किए जाएंगे। आयोग के अधिकारी रीयल-टाइम डेटा के जरिए मीडिया और जनता को जानकारी देंगे। चुनाव आयोग ने कहा है कि अगर किसी विशेष केंद्र पर तकनीकी या प्रशासनिक कारणों से देरी होती है, तो रिटर्निंग ऑफिसर के आदेश से समय में परिवर्तन किया जा सकता है। राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों के लिए यह निर्णायक दिन होगा। बड़े नेताओं की किस्मत अब EVM में बंद है और सबकी निगाहें मतगणना टेबलों पर हैं जहां तय होगा कि बिहार की सत्ता की चाबी किसके हाथ लगेगी।