2 फरवरी से 13 लाख से अधिक परीक्षार्थियों की इंटर बोर्ड परीक्षा…दो पालियों में 1762 केंद्रों पर होगी आयोजित

Bihar Board Inter Exam 2026 : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) की इंटरमीडिएट (12वीं) की वार्षिक परीक्षा 2 फरवरी से शुरू हो रही है. परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचार-मुक्त कराने के लिए बोर्ड ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. यह परीक्षा 13 फरवरी तक चलेगी, जिसके लिए राज्यभर में कुल 1762 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं.

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

इस वर्ष बिहार बोर्ड की इंटर परीक्षा में कुल 13 लाख 17 हजार 846 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं. सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. छात्रों की दो-स्तरीय जांच (टू लेवल स्क्रीनिंग) की जाएगी और प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी. परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी. पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी. पहली पाली के परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले और दूसरी पाली के छात्रों को दोपहर 1 बजे से परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी. प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए छात्रों को प्रारंभ में 15 मिनट का कूल-ऑफ टाइम भी दिया जाएगा.

परीक्षा केंद्रों पर वीडियोग्राफी

नकल पर पूरी तरह से लगाम लगाने के लिए नियमों को और सख्त कर दिया गया है. परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. बोर्ड ने हर 25 परीक्षार्थियों पर एक परीक्षा निरीक्षक (इनविजिलेटर) की तैनाती की है. इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्रों पर वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी. बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र पर देर से पहुंचने वाले छात्रों को किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. साथ ही, यदि कोई परीक्षार्थी जबरदस्ती या अनुचित तरीके से परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने की कोशिश करता है, तो उसे दो वर्षों के लिए परीक्षा से निष्कासित कर दिया जाएगा और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *