Bihar Elections: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार का शोर आज यानी रविवार की शाम 6 बजे थम जाएगा। इसके साथ ही सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों के पास मतदाताओं को साधने के लिए अब कुछ ही घंटे बचे हैं। दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर 11 नवंबर को मतदान होगा। दूसरे चरण में कुल 1302 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1165 पुरुष, 136 महिलाएं और 1 थर्ड जेंडर प्रत्याशी शामिल हैं। चुनाव प्रचार के आखिरी 24 घंटों में मतदाताओं को गोलबंद करने को लेकर प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। इस चरण की 122 सीटों में 101 सामान्य, 19 अनुसूचित जाति (SC) और 2 अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित हैं। हर बूथ पर औसतन 815 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
तीन सीटों पर सर्वाधिक 22 उम्मीदवार, छह पर केवल 5
दूसरे चरण में कैमूर के चैनपुर, रोहतास के सासाराम और गया जिले के गया शहर विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 22-22 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, लौरिया, चनपटिया (प. चंपारण), रक्सौल, सुगौली (पू. चंपारण), त्रिवेणीगंज (सुपौल) और बनमनखी (पूर्णिया) सीटों पर सबसे कम यानी 5-5 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
45,399 मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग
दूसरे चरण के लिए कुल 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 5326 शहरी और 40,073 ग्रामीण बूथ शामिल हैं। इनमें से 45,388 सामान्य बूथ हैं, जबकि 11 सहायक बूथ बनाए गए हैं। इसके अलावा 595 महिला संचालित, 91 दिव्यांगजन संचालित और 316 मॉडल मतदान केंद्र भी तैयार किए गए हैं। सभी बूथों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था होगी।
3.70 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान
दूसरे चरण में कुल 3,70,13,556 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1,95,44,041 पुरुष, 1,74,68,572 महिलाएं और 943 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदाताओं की संख्या के लिहाज से सबसे छोटा विधानसभा क्षेत्र मखदुमपुर (जहानाबाद) है, जहां 2,47,574 मतदाता हैं, जबकि सबसे बड़ा क्षेत्र हिसुआ (नवादा) है, जहां 3,67,667 मतदाता वोट डालेंगे। इस चरण की सभी 122 सीटों पर मतदाताओं की संख्या दो लाख से अधिक है।