नीतीश के राह पर चली भाजपा…मोतिहारी सीट से प्रमोद कुमार को बनाया उम्मीदवार

Bihar vidhan shabha: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बड़ा दांव खेलते हुए मोतिहारी विधानसभा सीट से अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है. स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय और भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद राधा मोहन सिंह की मौजूदगी में पूर्व मंत्री एवं मौजूदा विधायक प्रमोद कुमार के नाम पर मुहर लगाई गई. घोषणा के दौरान मंगल पांडेय ने जनता से अपील की कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रमोद कुमार को समर्थन दें और भारी बहुमत से विजयी बनाएं.

एनडीए सम्मेलन में हुआ ऐलान

इस मौके पर मोतिहारी के बापू सभागार में एनडीए कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसका उद्घाटन मंगल पांडेय और सांसद राधा मोहन सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम में भाजपा के साथ-साथ जदयू, लोजपा, हम और RLSP (राष्ट्रवादी लोक समता पार्टी) के नेता भी मौजूद रहे.

नीतीश कुमार के कदम का जवाब

भाजपा की यह घोषणा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तर्ज पर मानी जा रही है. दरअसल,हाल ही में जदयू ने बिना पूर्व सहमति के अपने दो उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए थे. इसके जवाब में भाजपा ने मोतिहारी सीट पर अपने उम्मीदवार की दावेदारी ठोकते हुए यह साफ संकेत दे दिया है कि चुनावी तैयारी में वह पीछे नहीं है. भाजपा का यह कदम न सिर्फ संगठन को ऊर्जा देने वाला माना जा रहा है,बल्कि एनडीए के भीतर सीट बंटवारे और चुनावी रणनीति को लेकर नए समीकरण भी खड़े कर सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *