Bihar news : बिहार के मोतिहारी जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. शराब पीने के लिए पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए एक युवक ने कथित तौर पर कुत्ते की हत्या कर उसका मांस खरगोश का बताकर गांव में बेच दिया. मांस खाने के बाद कई ग्रामीणों की तबीयत खराब हो गई. मामले के सामने आते ही गांव में आक्रोश फैल गया है, जबकि आरोपी फरार बताया जा रहा है.
क्या है पूरा मामला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना मधुबन प्रखंड के गरहिया बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत गरहिया गांव की है. आरोप है कि गांव निवासी मंगरु सहनी शराब का आदी है. घटना के दिन उसके पास शराब खरीदने के लिए पैसे नहीं थे. इसी दौरान उसने इलाके में रहने वाले एक कुत्ते को मार डाला, उसके टुकड़े किए और गांव में यह कहकर बेचने लगा कि यह खरगोश का मांस है.
बताया जा रहा है कि उसने मांस करीब 1000 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचा. ग्रामीणों का कहना है कि मांस खाने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी. इसी बीच मंगरु ने कथित तौर पर गांव में घूम-घूम कर यह कहना शुरू कर दिया कि उसने लोगों को कुत्ते का मांस खिलाया है. पहले तो लोगों को लगा कि वह शराब के नशे में ऐसी बातें कर रहा है, लेकिन जब मामले की जांच की गई तो सच्चाई सामने आ गई.
मामले की जांच कर रही पुलिस
ग्रामीणों के अनुसार, गांव के बाहरी इलाके में एक सुनसान जगह पर कुत्ते का कटा हुआ सिर और कुछ हड्डियां मिलीं. इसके बाद लोगों को यकीन हो गया कि उनके साथ धोखाधड़ी की गई है. घटना से नाराज ग्रामीणों ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. आरोपी मंगरु सहनी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है. पुलिस ने मांस खाने से बीमार पड़े लोगों की स्थिति की भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है.