बेगूसराय में जदयू छात्र नेता को गोली… हालत नाजुक, पुलिस जांच में जुटी

Bihar news : बिहार में एक बार फिर अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए हैं. बुधवार सुबह बेगूसराय जिले में अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के एक छात्र नेता को गोली मार दी. इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है. घटना लोहिया नगर थाना क्षेत्र के बाघा गुमटी के पास की बताई जा रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अपराधियों ने जदयू के छात्र नेता सोनू कुमार राय को उस वक्त निशाना बनाया, जब वह रोज की तरह सुबह अपने घर से जिम जाने के लिए निकले थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर गोली चला दी.

अपराधी मौके से फरार

गोली लगने से सोनू राय गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया. लोहिया नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. फिलहाल वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए हैं.

स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल

बताया जा रहा है कि सोनू कुमार राय जदयू से जुड़े एक सक्रिय छात्र नेता हैं. हालांकि, उन्हें गोली क्यों मारी गई, इसके पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं से की जा रही है. आपसी रंजिश, राजनीतिक कारण या अन्य किसी वजह से हमले की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है. लोहिया नगर थाने की पुलिस ने बताया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल देखा जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *